सैंडपेपर विवाद पर जोश हेजलवुड का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने मौजूदा कप्तान पैट कमिंस का खुलकर समर्थन किया है. 2018 के विख्यात सैंडपेपर गेंद छेड़छाड़ मामले पर हेजलवुड का कहना है कि अगर कमिंस को कप्तानी से हटाया जाता है, तो वह भी टेस्ट टीम में बने रहने पर विचार करेंगे. कोड स्पोर्ट्स के साथ हुई खास बातचीत के दौरान हेजलवुड ने कहा कि पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट जगत के कुछ लोगों की तरफ से की जा रही आलोचना अनुचित है.
हेजलवुड ने कहा पिछले कुछ दिनों में कमिंस को जिस तरह से निशाना बनाया गया है. वह सही नहीं है. अगर उन्हें कप्तानी से हटाया गया तो मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम में दरार पैदा हो सकती है. उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग लोगों की तरफ से जो कुछ कहा गया है. वह एक तरह से पैट पर सामूहिक हमला जैसा लगता है.'
हेजलवुड ने कमिंस के कप्तानी की जमकर सराहना की है. उन्होंने कहा कि पिछले पांच-छह वर्षों में कमिंस ने टीम का माहौल पूरी तरह से बदल दिया है. उन्होंने कहा, 'मैं पैट और पिछले सप्ताह की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके हर बयान का समर्थन करता हूं. खासकर कप्तान बनने के बाद उन्होंने जो काम किया है. वह शानदार है. उन्होंने टीम को ऐसे मुकाम पर पहुंचाया है जहां ऐसी घटना होने की दोबारा संभावना नहीं है. वह बेहतरीन कप्तान हैं. अगर आप टीम के किसी भी खिलाड़ी से पूछेंगे तो आपको यही जवाब मिलेगा.'
हेजलवुड से जब पूछा गया कि अगर कमिंस को कप्तानी से हटा दिया जाता है तो क्या वह भी टीम छोड़ने पर विचार करेंगे? इसपर उन्होंने कहा, 'अगर मैं ऐसी स्थिति में पहुंचता हूं तभी कोई फैसला लूंगा, लेकिन हां, इस बारे में सोचना पड़ेगा. हमें सैंडपेपर की जानकारी नहीं थी.'
हेजलवुड ने कहा कि उन्हें सैंडपेपर के बारे में जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि किसी बात का शक होना और उसके बारे में निश्चित रूप से जानकारी होना दो अलग-अलग बातें हैं.
हेजलवुड ने कहा, 'मेरे लिए दो बातें सबसे महत्वपूर्ण हैं. पहली क्या मैं गेंद से छेड़छाड़ की योजना का हिस्सा था? दूसरी क्या मुझे सैंडपेपर या किसी बाहरी चीज के इस्तेमाल की जानकारी थी? दोनों सवालों का जवाब 'नहीं' है.'
यह भी पढ़ें- सचिन नंबर-1, विराट नंबर-2, राहुल ने रचा इतिहास, SENA देशों में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं