जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के लगातार चोटिल होने की समस्या जस की तस बनी हुई है. हाल ही में चोट से वापसी करने वाले बुमराह एक बार फिर से चोटिल हो गए हैं. जिसकी वजह से उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है. यही नहीं बुमराह की चोट को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम को उनके दीर्घकालिक उपलब्धता को लेकर चेतावनी मिलने की खबर भी सामने आ रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम को जल्द ही टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रमुख तेज गेंदबाज के बिना खेलने की तैयारी शुरू करनी पड़ सकती है.
बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है, 'भारतीय क्रिकेट टीम को अगले साल के बाद खासकर के टेस्ट क्रिकेट में बुमराह के बिना खेलने के लिए तैयार रहना पड़ सकता है.'
बुमराह के स्वास्थ्य को लेकर काफी सतर्क हैं COE के विशेषज्ञ
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के विशेषज्ञ बुमराह के स्वास्थ्य को लेकर अब काफी सतर्क हैं. मैदान में वह कब वापसी करेंगे. इसके लिए फिलहाल कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है.
बुमराह को हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर आखिरी वनडे मुकाबले के दौरान चोट लग गई थी. इस बार उन्हें घुटने में शिकायत है.
सूत्र ने कहा, 'श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले सीओई बुमराह का वर्कलोड बढ़ाने पर विचार कर रहा था. मगर उस दौरान महसूस किया गया कि वह समय पर तैयार नहीं हो पाएंगे. एक लंबा समय बीत गया है जब उन्होंने लंबे फॉर्मेट में नियमित तौर पर गेंदबाजी की है. सीओई उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर काफी सावधानी बरत रही है. यही वजह है उनकी वापसी की कोई समयसीमा तय नहीं की गई है.'
वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बरती जा रही है सतर्कता!
अगले साल भारतीय टीम को वनडे वर्ल्ड कप में शिरकत करना है. शायद यही मुख्य वजह है कि उनको लेकर ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है. फिलहाल जो उम्मीद जताई जा रही है. वह यह है कि बुमराह को लेकर टेस्ट और टी20 क्रिकेट की तुलना में वनडे क्रिकेट के लिए अधिक प्राथमिकता दी जाएगी.
यह भी पढ़ें- सावधान इंडिया! 3 स्पेशलिस्ट, 2 ऑलराउंडर, ढेर सारी फिरकी, भारत को रोकने के लिए श्रीलंका ने तैयार किया मास्टरप्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं