विज्ञापन

IPL 2026: इरफान पठान ने विराट कोहली को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी, बताया किस वजह से RCB ने जीता था खिताब

Irfan Pathan Prediction on Virat Kohli: विराट कोहली आईपीएल करियर में 267 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से सर्वाधिक 8 शतक भी निकले.

IPL 2026: इरफान पठान ने विराट कोहली को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी, बताया किस वजह से RCB ने जीता था खिताब
Irfan Pathan on Virat Kohli

Irfan Pathan Prediction on Virat Kohli: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना ​​है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में विराट कोहली के लिए चीजें अलग और ज्यादा चुनौतीपूर्ण होंगी. विराट कोहली पिछले टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं, जिसके बाद वह सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही भारत के लिए खेल रहे हैं. पठान ने यह भी कहा कि वनडे में विराट के शानदार प्रदर्शन के बावजूद, ब्रेक के बाद भी, टी20 में वैसा नहीं होगा, क्योंकि यह इस करिश्माई बल्लेबाज के लिए एक अलग चुनौती पेश करेगा.

इरफान पठान ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, "इस बार, कोहली के लिए चीजें थोड़ी अलग होंगी. पहली बार, वह टेस्ट क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेने के बाद आईपीएल खेलेंगे. वह सिर्फ एक फॉर्मेट खेल रहे हैं. यह किसी के लिए भी आसान नहीं होता. लेकिन उन्होंने रन बनाए हैं और उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. यहां तक कि जब वह ब्रेक के बाद आते हैं, तब भी वनडे क्रिकेट में उनके लिए यह मुश्किल नहीं रहा है."

उन्होंने कहा, "टी20 में जब आप आक्रामक होकर खेलते हैं और ज्यादा मैच खेले बिना आते हैं, तो यह चुनौतीपूर्ण होता है. लेकिन उन्होंने पहले भी कई चुनौतियों का सामना किया है. मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि इस सीजन में वह कैसे आगे बढ़ेंगे." इरफान पठान का मानना है कि विराट का शुरू से ही पारी के दौरान ऊंचे स्ट्राइक रेट के साथ हिट करने का तरीका 2025 में आरसीबी की खिताबी जीत के पीछे एक बड़ा कारण रहा.

उन्होंने कहा, "विराट कोहली और आरसीबी एक ऐसी पहचान हैं जो साथ-साथ चलती है. उन्होंने आरसीबी के साथ शुरुआत की और अभी भी उनके लिए खेल रहे हैं. उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है. उनके करियर में वह भी एक सुनहरा दौर था जब उन्होंने टीम की कप्तानी की थी, उस समय बहुत सारे शानदार प्रदर्शन हुए थे. जब उन्होंने पिछले सीजन में जीत हासिल की, तो उनका स्ट्राइक रेट भी बढ़ गया था. उन्होंने एंकर की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि एक आक्रामक खिलाड़ी की भूमिका निभाई. यह एक बहुत बड़ा फैक्टर था. इस बार भी वे यही उम्मीद करेंगे कि वह अपनी उसी फॉर्म को बरकरार रखें."

विराट कोहली आईपीएल करियर में 267 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से सर्वाधिक 8 शतक भी निकले. कोहली ने आईपीएल 2025 में आरसीबी की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 54.75 के शानदार औसत से 657 रन बनाए, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल थे. यह अनुभवी बल्लेबाज फ्रेंचाइजी के लिए अपनी इस फॉर्म को जारी रखना चाहेगा.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com