Irfan Pathan and Ajay jadeja React on Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नाम किया हो, लेकिन इस सीजन को वैभव सूर्यवंशी के दमदार प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा. 15 साल की उम्र में वैभव ने आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना दिया. वह ऑरेंज कैप को जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने. आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही हर कोई वैभव सूर्यवंशी के इस सीजन के प्रदर्शन पर निगाहें लगाए बैठा हुआ था. हालांकि, वैभव ने अपनी तूफानी और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी से यह साबित करके दिखाया कि पिछले साल का प्रदर्शन कोई तुक्का नहीं था, बल्कि इस स्टेज पर छा जाने की काबिलियत उनके अंदर मौजूद है.
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में खेले 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. वैभव ने इस सीजन एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से बल्ले से कोहराम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी की हर तरफ चर्चा हो रही है. हर कोई इस वंडर किड के टीम इंडिया में डेब्यू को लेकर कयास लगा रहा है.
इस बीच भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान इस युवा खिलाड़ी के मुरीद हो गए हैं. पठान ने वैभव की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'यह पूरा आईपीएल सीजन सिर्फ और सिर्फ वैभव सूर्यवंशी के नाम से याद रखा जाएगा, उनके पास कमाल का टैलेंट (Unreal Talent) है.'
This season will be remembered as a Vaibhav suryavanshi's season.
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) May 31, 2026
Unreal talent.
इरफान पठान ही नहीं, पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा तो इस लड़के की बैटिंग देखकर इतने गदगद हो गए कि उन्होंने सीधे टीम इंडिया में सिलेक्शन की वकालत कर दी. जब जडेजा से पूछा गया कि क्या वैभव को भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए, तो उन्होंने बेबाकी से कहा, "अगर वैभव को अब टीम में शामिल नहीं किया जाएगा, तो फिर कब किया जाएगा? अगर मुझे चीफ सेलेक्टर (चेयरमैन साहब) मिलें, तो मैं खुद उनसे कहूंगा कि इस लड़के को तुरंत टीम में लाओ. उम्र चाहे जो भी हो, इससे बेहतर कोई और क्या ही क्रिकेट खेलेगा."
VIDEO | On IPL final, former Indian cricketer Ajay Jadeja says, "Both the teams provided us with a lot of entertainment throughout the year, but only one could win... Sooryavanshi played fantastically. I told the chairman ji that if you won't include him in the team now, then… pic.twitter.com/639BSabriv
— Press Trust of India (@PTI_News) May 31, 2026
वहीं, महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने वैभव की क्रिकेटिंग समझ की जमकर तारीफ की. गावस्कर ने कहा, "वैभव के प्रदर्शन की जितनी भी तारीफ की जाए, वह कम है. मेरे लिए सिर्फ रन बनाना बड़ी बात नहीं है, बल्कि सबसे अहम यह है कि उन्होंने किस गजब के आत्मविश्वास के साथ ये रन बनाए हैं. जिस कॉन्फिडेंस से उन्होंने छक्के जड़े, खतरनाक यॉर्कर गेंदों पर अपनी बैट-स्पीड को संभालकर ब्लॉक किया और फुलटॉस गेंदों पर चौके बटोरे, वह देखने लायक था. सीधे बल्ले से लॉन्ग ऑफ, स्ट्रेट और लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेलना यह दिखाता है कि 15 साल की उम्र में भी इस लड़के के पास बैटिंग की कितनी गहरी समझ है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं