विज्ञापन

IPL 2026: प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने डेब्यू में मचाया धमाल, जीत के बाद कप्तान ईशान किशन का बयान वायरल

Ishan Kishan on Prafull Hinge and Sakib Hussain Bowling: राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ दो खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका देने पर एसआरएच (SRH) के कप्तान ईशान ने कहा, "आपको यह भी देखना होता है कि आपके युवा गेंदबाज कितने भूखे हैं.

IPL 2026: प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने डेब्यू में मचाया धमाल, जीत के बाद कप्तान ईशान किशन का बयान वायरल
Ishan Kishan on Prafull Hinge and Sakib Hussain Bowling:

Ishan Kishan on Prafull Hinge and Sakib Hussain Bowling: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 57 रन से जीत दर्ज की. इस मुकाबले में एसआरएच ने दो गेंदबाजों को डेब्यू का मौका दिया, जिन्होंने मिलकर 8 विकेट हासिल किए. प्रफुल्ल हिंगे ने आईपीएल डेब्यू करते हुए अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट हासिल किए. उन्होंने कुल 4 ओवरों में 34 रन देकर 4 विकेट निकाले. उनके अलावा, साकिब हुसैन ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दो खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका देने पर एसआरएच के कप्तान ईशान ने कहा, "आपको यह भी देखना होता है कि आपके युवा गेंदबाज कितने भूखे हैं, कितने प्रेरित हैं और इन मुकाबलों में खेलने के लिए कितने उत्साहित हैं. वे पूरे सीजन मेहनत कर रहे थे. फील्डिंग और हमारे गेंदबाजी कोच वरुण आरोन के साथ लगातार काम कर रहे थे और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे थे. साथ ही अनुभवी खिलाड़ियों से भी बातचीत कर रहे थे. हम यही देखना चाहते थे और घरेलू मैदान पर खेलते हुए उन्हें मौका देना जरूरी था. उन्होंने अभ्यास मुकाबलों में भी अच्छा प्रदर्शन किया था, इसलिए मुझे लगता है कि आज यह सही फैसला था."

ईशान किशन ने कहा, "इस जीत से निश्चित तौर पर बहुत खुश हूं. दो अंक हासिल करना हमेशा खास होता है, इसलिए खुशी है. हम गेंदबाजों से यही चाहते थे कि वे यहां आकर खुलकर खेलें, अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू करें और मुझे लगता है कि आज हमने वही किया. इसका श्रेय सभी गेंदबाजों को जाता है."

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट खोकर 216 रन बनाए, जिसमें कप्तान ईशान किशन की 91 रन की पारी शामिल रही. इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 19 ओवरों में 159 रन पर सिमट गई.

इस मैच की पहली गेंद पर अभिषेक शर्मा बगैर खाता खोले पवेलियन लौटे थे. जब ईशान से पूछा गया कि क्या टीम के स्कोर में 25 रन कम रह गए, तो कप्तान ने कहा, "मुझे लगता है कि हमारी बल्लेबाजी इकाई और खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म को देखें तो हम लगभग हर मैच में 200 से ज्यादा रन बना रहे हैं, लेकिन अभिषेक जिस अंदाज में खेलता है, कभी-कभी वह जल्दी आउट भी हो सकते हैं. हमारा काम है पारी को गहराई तक ले जाना और बड़े शॉट खेलना, लेकिन उन्हें खुलकर खेलने देना, क्योंकि अगर वह चल पड़े तो मैच बदल देते हैं और टीम को 260 या 270 तक पहुंचा सकते हैं. हम उनसे और कुछ नहीं चाहते. हां, आज वह आउट हो गए, लेकिन मुझे लगता है कि अगले मैच में वह और ज्यादा प्रेरित होंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे." 
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com