IPL 2026 Points Table: बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने होम टीम को 6 विकेट से हराकर जीत के साथ अपने आईपीएल 2026 अभियान का आगाज किया है. लखनऊ से मिले 142 के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली ने 17.1 ओवर में ही जीत हासिल की. इस जीच के साथ ही दिल्ली का रन रेट +1.397 का हो गया है. लेकिन वह टॉप पर नहीं पहुंच पाई है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस ने भी अपना पहला मैत जीता था, हालांकि, इन दोनों में कोई भी टॉप में नहीं है.
टॉप पर राजस्थान का कब्जा, चेन्नई सबसे फिसड्डी
राजस्थान रॉयल्स ने अपने सीजन ओपनर में चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से रौंदा था. राजस्थान की इस जीत के बाद उसका नेट रन रेट +4.171 का हो गया था. जो बाकी टीमों में सबसे अधिक है, ऐसे में राजस्थान प्वॉइंट टेबल में टॉप पर है. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स सबसे आखिरी स्थान पर है. जबकि बेंगलुरु दूसरे, दिल्ली तीसरे, मुंबई चौथे और पंजाब पांचवें स्थान पर है. इन टीमों ने अपने शुरुआती मुकाबले जीते हैं.
इसके बाद लिस्ट में गुजरात, कोलकाता, लखनऊ, हैदराबाद और चेन्नई हैं. इन पांचों टीमों को अपने पहले मैच में हार का मुंह देखना पड़ा है. बता दें, टॉप-4 में रहने वाली टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी. हालांकि, अभी सीजन की शुरुआत हुई है, लेकिन टीमें शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाकर रखना चाहेंगी. जिससे आखिरी में उन्हें किसी अन्य टीमों के परिणामों पर ना निर्भर रहना पड़े.

'अतिरिक्त रनों' के चलते हारी लखनऊ
दिल्ली से मिली हार पर लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने अतिरिक्त रनों को हार का कारण बताया है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 18.4 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई थी. इसके जवाब में डीसी ने 26 रन पर 4 विकेट खोने के बावजूद 17.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. दिल्ली की पारी में एलएसजी ने 20 अतिरिक्त रन लुटाए. इनमें 16 वाइड और 4 लेग बाई शामिल थीं.
मैच गंवाने के बाद ऋषभ पंत ने कहा,"जब आप 140 रन बनाते हैं, तो आप ज्यादा कोशिश करते हैं. अगर वे सामान्य क्रिकेट खेलते हैं, तो वे जीत जाते हैं. पावर-प्ले में कुछ और विकेट मिल जाते, तो उन पर दबाव बन सकता था."
पंत ने माना कि शुरुआत में गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही थी, लेकिन उन्हें लगा कि उनकी टीम बल्लेबाजी में इसका फायदा नहीं उठा पाई. उन्होंने समझाया,"नई गेंद से मदद मिल रही थी, लेकिन हम कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना पाए. जब आपके पास काफी रन नहीं होते, तो आपको कुछ मुश्किल फैसले लेने पड़ते हैं, जैसे किसी बल्लेबाज से थोड़ी गेंदबाजी करवाना."
अपनी खुद की विकेट के बारे में बात करते हुए पंत ने कहा, "इससे उबरने का सबसे अच्छा तरीका है कि इसे नजरअंदाज कर दिया जाए. आप इसे नियंत्रित नहीं कर सकते, और इसके बारे में सोचते रहने से आप दबाव में आ जाते हैं."
यह भी पढ़ें: DC vs LSG: ऋषभ पंत और लखनऊ टीम के मालिक संजीव गोयनका में हो गई बहस, तस्वीर वायरल
यह भी पढ़ें: LSG vs DC IPL 2026: मोहम्मद शमी के नाम मेगा रिकॉर्ड, पहली गेंद पर विकेट लेकर रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं