विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2017

INDvsSL: भारत के खिलाफ श्रीलंका ने टीम में किए यह बदलाव लेकिन क्‍या बचा पाएगा हार!

श्रीलंका ने भारत के खिलाफ शनिवार से पल्लेकल में होने वाले तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के लिए तेज गेंदबाज दुशमंत चमीरा और लाहिरू गमागे को अपनी टीम में शामिल किया है.

INDvsSL: भारत के खिलाफ श्रीलंका ने टीम में किए यह बदलाव लेकिन क्‍या बचा पाएगा हार!
तीसरे टेस्‍ट में श्रीलंका टीम के कप्‍तान दिनेश चंदीमल के सामने 'व्‍हाइटवाश' से बचने की चुनौती है (फाइल फोटो)
  • श्रीलंका के सामने 'व्हाइटवाश' से बचने की है चुनौती
  • तेज गेंदबाज चमीरा और गमागे टीम में शामिल किए गए
  • प्रदीप और हेराथ चोट के कारण मैच में नहीं खेल पाएंगे
कैंडी: श्रीलंका ने भारत के खिलाफ शनिवार से पल्लेकल में होने वाले तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के लिए तेज गेंदबाज दुशमंत चमीरा और लाहिरू गमागे को अपनी टीम में शामिल किया है. भारतीय टीम अभी तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है और श्रीलंका के सामने 'व्हाइटवाश' से बचने की चुनौती है. श्रीलंकाई चयनकर्ताओं ने बल्लेबाज धनुष्का गुणतिलके को टीम से बाहर कर दिया है जबकि तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे. मुख्य स्पिनर रंगना हेराथ को भी पीठ दर्द के कारण विश्राम दिया गया है. इन दोनों को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है.

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टेस्‍ट में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. तीन टेस्‍ट की सीरीज के पहले दो टेस्‍ट जीतकर विराट कोहली की टीम सीरीज में 2-0 की बढ़त ले चुकी है. यदि वह पल्‍लेकल टेस्‍ट में भी जीती तो सीरीज में मेजबान श्रीलंका का एकतरफा अंतर से सफाया कर देगी. अपने 85 साल के टेस्ट इतिहास में अब तक केवल एक बार विदेशी सरजमीं पर किसी सीरीज में तीन टेस्ट मैच जीतने वाली भारतीय टीम को अब श्रीलंका के खिलाफ वर्तमान टेस्ट सीरीज में न सिर्फ लगभग 50 साल बाद यह उपलब्धि दोहराने बल्कि विदेश में पहली बार लगातार तीन टेस्ट मैच जीतने का सुनहरा मौका मिला है.भारत ने इससे पहले केवल एक बार विदेशी धरती पर किसी सीरीज में तीन टेस्ट मैच जीते. मंसूर अली खां पटौदी की अगुवाई वाली टीम ने फरवरी. मार्च 1968 में न्यूजीलैंड को चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-1 से हराया था. इस दौरान हालांकि टीम ड्यूनेडिन में पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट मैच हार गई थी. इसके बाद भारत ने वेलिंगटन और ऑकलैंड टेस्ट जीते थे.वर्तमान सीरीज से पहले भारत को 1986 में इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज जीतने का मौका मिला था लेकिन कपिल देव की टीम पहले दोनों टेस्ट मैच जीतने के बाद तीसरे टेस्ट को ड्रॉ करा बैठी थी. पाकिस्तान के खिलाफ 2004 में पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद भारत दूसरा मैच हार गया था लेकिन उसने तीसरा टेस्ट जीतकर सीरीज अपने नाम की थी.अगर हम विदेशों में क्लीन स्वीप की बात करें तो भारत अब तक केवल बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ ही यह करिश्मा कर पाया है लेकिन तब सीरीज एक या फिर दो टेस्ट मैचों तक सीमित थी. भारत ने बांग्लादेश को 2000 में एक टेस्ट तथा 2004 और 2010 में दो-दो टेस्ट मैचों की सीरीज में हराया था. इस बीच उसने जिम्बाब्वे को उसकी धरती पर दो मैचों में 2-0 से हराया था.

वीडियो : चेतेश्‍वर पुजारा ने टेस्‍ट में दिखाई चमक



श्रीलंका की टीम इस प्रकार है..
 दिनेश चंदीमल (कप्तान), उपुल थरंगा, दिमुथ करुणारत्‍ने, कुसाल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, लाहिरू तिरिमाने, धनंजय डिसिल्वा, निरोशन डिकवेला, दिलरूवान परेरा, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो, दुशमंत चमीरा, लाहिरू गमागे, लक्षण संदाकन और मालिंदा पुष्पकुमार. (इनपुट : भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs Sri Lanka, Dushmantha Chameera, Lahiru Gamage
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com