श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज खत्म हो चुकी है. सीरीज खत्म होने के 48 घंटे के भीतर भारतीय टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की टॉप कैटेगरी में शामिल खिलाड़ी शनिवार को बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में नए घरेलू सेशन से पहले फिटनेस टेस्ट के लिए पहुंचे. लगातार तीन दिन मैदान पर कड़ी मेहनत करने के बाद भी टेस्ट टीम के कई नियमित खिलाड़ियों ने आगामी आठ महीने के व्यस्त सेशन को ध्यान में रखते हुए फिटनेस मानकों की जांच में हिस्सा लिया. यह सेशन 2027 इंडियन प्रीमियर लीग तक चलेगा.
फिटनेस टेस्ट में पसीना बहाते दिखे खिलाड़ी
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के अलावा टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर, छोटे फॉर्मेट के एक्सपर्ट रिंकू सिंह, संजू सैमसन और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सहित कई खिलाड़ी फिटनेस जांच में पसीना बहाते नजर आए.
अनिवार्य फिटनेस जांच में ‘ब्रोंको टेस्ट', ‘2 किलोमीटर दौड़', ‘यो-यो टेस्ट' और क्रिकेट से जुड़ी ड्रिल्स जैसे विकेटों के बीच दौड़ना शामिल हैं. ‘ब्रोंको टेस्ट' में शुरुआती बिंदु (0 मीटर), 20 मीटर, 40 मीटर और 60 मीटर पर ‘कोन' लगाए जाते हैं. खिलाड़ियों को बिना रुके पांच सेट में 0 से 20 मीटर और वापस, फिर 40 मीटर और 60 मीटर तक दौड़ पूरी करनी होती है. इसमें कुल 1200 मीटर की दूरी पांच मिनट 30 सेकेंड में पूरी करनी होती है.
बुमराह, हार्दिक और नीतिश के फिट होने का इंतजार
‘यो-यो टेस्ट' का मानक लंबे समय से 16.5 है जबकि दो किलोमीटर दौड़ (2000 मीटर) को 10 मिनट के भीतर पूरा करना होता है. हालांकि जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और नीतिश कुमार रेड्डी पूरी तरह फिट घोषित होने के बाद ही इन फिटनेस परीक्षणों में हिस्सा लेंगे. ये खिलाड़ी फिलहाल चोट से उबरने के लिए ‘रिहैब' प्रक्रिया से गुजर रहे हैं.
प्रिंस यादव चयन के लिए उपलब्ध
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को फिलहाल इस जांच से छूट दी गई है, क्योंकि उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैच में काफी गेंदबाजी की थी. इस बीच, इंग्लैंड दौरे के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव की परेशानी से जूझने वाले प्रिंस यादव अब फिट हो गए हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं.
बीसीसीआई का घरेलू सेशन ‘इंडिया क्रिकेट' हर साल सितंबर में शुरू होता है. इस बार इसकी शुरुआत नयी दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से होगी. इसके बाद टी20 टीम एशियाई खेलों के लिए जापान जाएगी जबकि उसी समय सीमित ओवरों के विशेषज्ञों की एक अन्य टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलेगी. इसके अलावा सितंबर के अंतिम सप्ताह से अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक पुडुचेरी में भारत ‘ए' और ऑस्ट्रेलिया ‘ए' के बीच सीरीज भी आयोजित होगी.
ये भी पढ़ें- सचिन-लारा जैसा टैलेंट, फिर भी हैरी ब्रूक से निराश हैं इंग्लैंड के दिग्गज, सरेआम खोलकर रख दी पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं