कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट' एक बार फिर विवादों में है. शो के नए एपिसोड में समय रैना और कॉमेडियन शेरोन वर्मा के बीच बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े मजाक को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. दोनों ने अपने-अपने बैकग्राउंड को लेकर एक-दूसरे से मजाक किया, लेकिन शो का यह हिस्सा अब राजनीतिक प्रतिक्रियाओं की वजह से चर्चा में है. बीजेपी विधायक राम कदम ने समय रैना पर निशाना साधा है, वहीं बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी इन टिप्पणियों को लेकर नाराजगी जताई है. मामले ने एक बार फिर कॉमेडी की सीमा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या है पूरा मामला?
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के नए एपिसोड में शेरोन वर्मा बतौर कॉमेडियन नजर आईं. बातचीत के दौरान समय रैना ने उनके बिहारी बैकग्राउंड पर मजाक किया. इसके जवाब में शेरोन ने भी समय के कश्मीरी बैकग्राउंड को लेकर मजाक किया. दोनों के बीच हुई यह नोकझोंक सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. शेरोन ने अपने जवाब में कश्मीरी पंडितों के पलायन से जुड़े संदर्भ का भी इस्तेमाल किया. इसके बाद सोशल मीडिया के एक वर्ग ने सवाल उठाया कि क्या ऐतिहासिक त्रासदी और समुदायों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को कॉमेडी का हिस्सा बनाया जाना चाहिए.
राम कदम ने जताई नाराजगी
बीजेपी विधायक राम कदम ने इस पूरे मामले पर समय रैना की आलोचना की है. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि कुछ लोग विवादित बयान देकर सिर्फ पब्लिसिटी हासिल करना चाहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सनातन हिंदू धर्म की आस्था और कश्मीरी पंडितों को मजाक का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. राम कदम ने यह भी सवाल उठाया कि किसी आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सिर्फ माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं होना चाहिए. उनके बयान के बाद विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है.

बिहार से भी आया कड़ा रिएक्शन
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी शो में बिहार और कश्मीरी पंडितों को लेकर किए गए मजाक पर नाराजगी जताई. उन्होंने ऐसी टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताया और कहा कि इस तरह की बातें समाज में विभाजन पैदा कर सकती हैं. उनकी प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा बिहार में भी चर्चा का विषय बन गया है. वहीं शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने भी कहा कि कॉमेडी करते समय जाति, राज्य और धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दों को मजाक का हिस्सा बनाने से बचना चाहिए.
#WATCH | Katihar, Bihar: On Bihari-Kashmiri jokes at comedian Samay Raina's show, State Education Minister Mithilesh Tiwari says, "Any derogatory remark against any citizen of our country is intolerable; those who make such comments are essentially talking about tearing the… pic.twitter.com/V1L2TmWXds
— ANI (@ANI) August 29, 2026
फिर उठी कॉमेडी की सीमा पर बहस
समय रैना का नाम इससे पहले भी ‘इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर विवादों में रहा है. इस बार मामला अलग है, लेकिन बहस फिर वही है- कॉमेडी और आपत्तिजनक टिप्पणी के बीच की सीमा आखिर कहां तय होनी चाहिए? शो में दोनों कॉमेडियन एक-दूसरे के बैकग्राउंड को लेकर मजाक करते दिखाई दिए, लेकिन दर्शकों के एक वर्ग को यह अंदाज पसंद नहीं आया. ऐसे में अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
यह भी पढ़ें: समय रैना के शो में कश्मीरी पंडित और बिहारी पहचान पर मजाक, नेताओं ने जताई नाराजगी, फिर गरमाया विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं