भारत ने पाकिस्तान को महिला एशिया कप टी20 के ग्रुप स्टेज के मैच में सात विकेट से हरा दिया. विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम सिर्फ 55 रनों के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई. भारत ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली थी, लेकिन छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए उसकी शुरुआत खराब रही. कप्तान फातिमा सना ने पाकिस्तान को मुकाबले में वापस लाते हुए शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना के अहम विकेट झटके, जबकि शेफाली को आउट करने के बाद उनका सेंड-ऑफ भी वायरल हो गया.
56 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश की, लेकिन चौथे ओवर में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने बड़ा झटका दे दिया. शेफाली 6 गेंदों में 12 रन बनाकर कैच एंड बोल्ड हो गईं. गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर सीधे फातिमा के हाथों में चली गई.
फातिमा ने भारतीय ओपनर को दिया सेंड-ऑफ
विकेट लेने के बाद फातिमा ने भारतीय ओपनर को डगआउट की ओर इशारा करते हुए सेंड-ऑफ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. इससे पहले फातिमा ने प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना को भी आउट किया, जिसके चलते 56 रन जैसे आसान लक्ष्य के जवाब में भारत ने 29 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए. हालांकि इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने पारी संभालने की जिम्मेदारी उठाई.
भारतीय गेंदबाजों में श्री चरानी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने दो और शैफ़ाली वर्मा ने एक विकेट लिया. भारत ने 68 गेंदें बाकी रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार तीसरी जीत के साथ ग्रुप में टॉप पर जगह बनाई.
दोनों कप्तान के बीच नहीं हुआ हैंडशेक
जब टॉस जीतने के बाद श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी फरवीज महरूफ ने फातिमा को बात करने के लिए बुलाया, तो उनके और भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच कोई हैंडशेक नहीं हुआ. टॉस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कोई हैंडशेक नहीं हुआ. दरअसल, साल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद से भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के अलावा, महिला क्रिकेट टीम ने भी 'नो हैंडशेक' नीति को सख्ती से लागू रखा है.
ये भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान मैच में हरमनप्रीत कौर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, दूसरे नंबर पर श्रीलंका की कप्तान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं