भारत और श्रीलंका के बीच गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी टेस्ट मैच के शुरुआती दो दिन बारिश से प्रभावित रहे हैं. अब तक सिर्फ 116 ओवरों का ही खेल हो सका है. दूसरे दिन बारिश ने डेढ़ सेशन का खेल धो दिया. हालांकि, बारिश की लुका-छिपी के खेल के बावजूद, भारत ने दूसरे दिन मेजबान टीम पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी और 9 विकेट पर 460 रन बना लिए. रविवार को दिन की शुरुआत देरी से हुई और लंच जल्दी लिया गया. खेल दोपहर 2:35 बजे शुरू हो सका और पूरे दिन में सिर्फ 43 ओवर फेंके गए. मेहमान टीम ने अपने खाते में 172 रन और जोड़े. ऐसे में अब फैंस तीसरे दिन के खेल को लेकर चिंतित हैं, जहां एक बार फिर बारिश का खतरा मंडरा रहा है.
तीसरे दिन भी अच्छे नहीं आसार
'एक्यूवेदर' के अनुसार, सोमवार को गाले में बारिश की आशंका 83 प्रतिशत है. घंटे-दर-घंटे के पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह 10 बजे बारिश की संभावना 51 प्रतिशत है, जो सुबह 11 बजे 47 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे 44 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे 48 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे 52 प्रतिशत रहेगी.
दोपहर 3 बजे बारिश की आशंका 45 प्रतिशत, शाम 4 बजे 39 प्रतिशत और शाम 5 बजे 34 प्रतिशत रहेगी. शाम 6 बजे यह आशंका 40 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी. ऐसे में तीसरे दिन खेल में बार-बार रुकावट आ सकती है.
स्टंप्स तक ड्राइविंग सीट पर भारत
देवदत्त पडिक्कल की 167 रन की शानदार पारी भारत के बूते भारत ने दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के बारिश से प्रभावित दूसरे दिन रविवार को श्रीलंका के खिलाफ दिन का खेल खत्म होने तक नौ विकेट पर 460 रन बना लिए. रविवार को सिर्फ 43 ओवर का खेल संभव हुआ और इस दौरान श्रीलंका के स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया. स्टंप्स के समय कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा एक रन बनाकर क्रीज पर थे.
लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण दिन का खेल दोपहर 2:35 बजे शुरू हो सका. लंबे अंतराल के बाद उतरे श्रीलंकाई गेंदबाजों ने पहले दिन की तुलना में बेहतर लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी की तथा भारतीय बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल कर दिया.
भारत ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 288 रन से की थी और उसके पास बड़ा स्कोर खड़ा करने का शानदार मौका था. टीम ने हालांकि 172 रन जोड़कर सात विकेट गंवा दिए. कुछ विकेट श्रीलंकाई स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी से आए जबकि कुछ भारतीय बल्लेबाजों की गलतियों का नतीजा रहे.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: टीम इंडिया को मिला नया बैटिंग मास्टर! श्रीलंकाई स्पिनरों को पडिक्कल ने इस रणनीति से दिया करारा जवाब
यह भी पढ़ें: IND vs SL: श्रीलंकाई स्पिनरों ने दिया यादव एंड कंपनी को बड़ा इशारा, यहां बॉल डाला तो विकेट पक्का!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं