T20 World Cup 2026 में रविवार को होने जा रहे पूरे टूर्नामेंट के सबसे बडे़ भारत vs पाकिस्तान (India vs Pakistan) मुकाबले का माहौल धीरे-धीरे बनने लगा है. वर्ल्ड कप से जुड़ा हर पहलू इस सबसे बड़ी टक्कर के इर्द-गिर्द हो गया है और पूरा क्रिकेट जगत को मेगा मुकाबले के बुखार ने जकड़ लिया है. महामुकाबले को लेकर दोनों देशों के दिग्गजों की ओर से बयानबाजी शुरू हो गई है. इसी मैच को लेकर पाकिस्तानी पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने भारतीय टीम को दावेदार बताते हुए पाकिस्तान को चेताते हुए बताया कि किस एरिया में की गई चूक उनके देश को भारी पड़ सकती है.
मलिक ने कहा, 'हम जानते हैं कि भारतीय टीम पाकिस्तान से बहुत ज्यादा मजबूत है. इस टीम ने हालिया मैचों में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया है. इसके पास दिग्गज बल्लेबाज हैं, लेकिन हमारा आक्रमण अच्छा है और दिन विशेष पर हम बेहतर कर सकते हैं, लेकिन इतना होना भी भारत जैसी टीम के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए काफी नहीं है' उस्मान तारिक को लेकर मैच से पहले बहुत ज्यादा चर्चा. ऐसे में उन पर पड़ने वाले दबाव के सवाल पर शोएब मलिक ने कहा, निश्चित रूप से उस्मान के ऊपर दबाव होगा. वह पहली बार भारत के खिलाफ दिग्गज बल्लेबाजों के खिलाफ खेल रहे हैं. हर तरफ उनके नाम का शोर है. ऐसे में निश्चित रूप से उन पर दबाव होगा',
पूर्व कप्तान ने कहा, 'कप्तान सलमान आगा को मेरे सुझाव यह है कि जब भारत के दो बल्लेबाज सेट हो जाएं, तो वह तब उस्मान तारिक को आक्रमण पर लेकर आएं. जब भी कोई भारतीय बल्लेबाज पिच पर जमे, तो तारिकको ओवर थमाएं' मलिक ने कहा, 'उस्मान से अलग हमारे स्पिनर अच्छे हैं. ये लगातार अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं, लेकिन अहम बात हमारे लिए नई गेंद से जल्द स्ट्राइक मिलना बहुत जरूरी है'.
कौन खिलाड़ी अहम भूमिका निभाएगा के सवाल पर मलिक ने कहा कि मैं किसी खिलाड़ी विशेष का नाम नहीं लूंगा. लेकिन मैं फिर से कह देता हूं कि अगर पाकिस्तान को मैच में पकड़ बनानी है, तो उन्हें शुरुआती ओवरों में ही भारतीय बल्लेबाजों में न केवल लगाम कसनी होगी, बल्कि विकेट चटकाने होंगे. अगर अभिषेक शर्मा या ईशान किशन में कोई टिक जाता है, तो फिर पाकिस्तान टीम के लिए कहानी मुश्किल हो जाएगी. पाकिस्तान टीम को एक खिलाड़ी पर निर्भर न होकर एक टीम ईकाई के रूप में खेलना होगा.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं