India vs New Zealand 1st ODI Highlights: हैदराबाद में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को 12 रन से हरा दिया है. एक बेहद ही रोमांचक मैच में 350 रन का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 337 रन पर ऑलआउट हो गई. माइकल ब्रेसवेल (140 रन) ने जबरदस्त लड़ाई लड़ते हुए अपनी टीम को यहां तक पहुंचाया लेकिन जीत नहीं दिला सके. आखिरी ओवर में उनके विकेट के साथ ही मैच का अंत हुआ. भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने चार विकेट चटकाए. जबकि शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट झटके.
इससे पहले, भारत ने बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 349/8 का स्कोर खड़ा किया था. भारत के लिए सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार दोहरा शतक जड़ा. गिल ने 149 गेंदों में 208 रन बनाए और डबल सेंचुरी बनाने वाले पांचवें भारतीय बन गए. वो 200 रन का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज भी हैं. रोहित शर्मा 34 रन बनाकर अपनी टीम के दूसरे हाईएस्ट स्कोरर रहे. कीवी टीम के लिए हेनरी शिपली और डेरिल मिचेल ने दो-दो विकेट लिए.
बता दें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. भारत की प्लेइंग इलेवन में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया.
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला वनडे मैच
प्लेइंग XI इस प्रकार रहे:
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी
न्यूजीलैंड टीम: फिन एलन, डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर/कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, हेनरी शिपली, मिचेल सेंटनर, लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर