पूर्व भारतीय स्टार आकाश चोपड़ा ने आयरलैंड के खिलाफ होने वाले सीरीज के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए भारतीय टीम में दो बदलाव की बात कही है. उनका मानना है कि प्रसिद्ध कृष्णा को टी20 से बाहर किया जाना चाहिए, क्योंकि वह काफी महंगे साबित हो रहे हैं. चोपड़ा की मानें तो रविवार के मुकाबले के लिए भारत को अपनी इलेवन में प्रिंस यादव को मौका देना चाहिए, जो अपने समय का इंतजार कर रहे हैं. बता दें, बेलफास्ट में हुए सीरीज के पहले मैच में भारत को 34 रन से हार का सामना करना पड़ा था. इस हार के साथ ही भारत के लगातार सीरीज जीत का सिलसिला भी टूट गया था.
प्रसिद्ध बाहर-प्रिंस को दिया मौका
आकाश चोपड़ा ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर प्रसिद्ध की जगह प्रिंस को मौका देने को लेकर कहा,"मुझे लगता है कि प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर जाना होगा. उन्होंने छह टी20 खेले हैं, और उन्होंने बहुत रन दिए हैं. उन्होंने 24 ओवर में लगभग 275 रन दिए हैं, उनकी इकॉनमी 11.5 की है, और उनके नाम कुल आठ विकेट हैं."
उन्होंने कहा,"आपको लगता है कि वह टेस्ट बॉलर है और ODI में अच्छी बॉलिंग कर सकता है. टी20 में, वह शर्तों के साथ आता है. इसलिए वह आपका पक्का टी20 बॉलर नहीं है. बेशक, वह गुजरात टाइटन्स के लिए जो करता है, उससे हमें लगता है कि वह ठीक रहेगा, लेकिन वह गुजरात टाइटन्स है, और उनका सेटअप अलग है. हालांकि, अगर हम टी20 अंतरराष्ट्रीय की बात करें, तो वह पक्का एक कमज़ोर कड़ी है."
आकाश चोपड़ा ने गौतम गंभीर-श्रेयस अय्यर की जोड़ी प्रिंस यादव को दूसरे टी20 में मौका दे सकती है. पूर्व भारतीय स्टार ने कहा,"प्रिंस यादव इस टीम में बाहर बैठे हैं. मुझे लगता है कि प्रिंस यादव को यहां मौका मिल सकता है. वह यहां अपना टी20 डेब्यू कर सकते हैं. आपको एक बदलाव करना चाहिए जहां प्रिंस अंदर आएं और प्रसिद्ध बाहर जाएं."
आयरलैंड के खिलाफ प्रसिद्ध कृष्णा ने 57 रन लुटाए थे और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला था. जबकि प्रिंस ने अपने टी20 करियर में 38 विकेट निकाले हैं. ऐसे में उन्हें आज डेब्यू कैप थमाई जा सकती है.
सुंदर बाहर, सूर्यांश और रवि को मौका
दूसरे बदलाव की बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा,"दूसरा बदलाव जो मुझे लगता है कि आपको सुंदर को बाहर करना चाहिए क्योंकि आप उन्हें इस कंडीशन में बॉलिंग नहीं करवाने वाले. शिवम दुबे पहले ही अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं. दो आपके पास दो विकल्प बचते हैं, कि आप सूर्यांश शेड्गे को मौका दीजिए, क्योंकि आपको बैटिंग भी चाहिए. हालांकि आपके पास पहले से ही नंबर 7 पर अक्षर पटेल हैं, और आपको अभी भी नंबर 8 पर हर्षित राणा मिल सकते हैं. आप नंबर 9 से 11 तक आउट-एंड-आउट बॉलर्स खिला सकते हैं." आकाश चोपड़ा ने साथ ही सुझाव दिया कि टीम को एक अतिरिक्त स्पिनर लेकर जाना चाहिए.
आकाश चोपड़ा की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई.
यह भी पढ़ें: IND W vs AUS W: सेमीफाइनल के टिकट के लिए ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी टीम इंडिया, इन 11 पर होगा जिम्मा, जानें तमाम बातें
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया ने ख़त्म कर दिया ईरान का वर्ल्ड कप में सफ़र, मेस्सी ने वर्ल्ड कप में किया 19वां गोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं