India vs England 5th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला साउथेम्प्टन के द रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा. ये मैच 11 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा. दोनों टीम के कप्तान टॉस उछालने के लिए 30 मिनट पहले यानी 6:30 बजे मैदान पर आएंगे. भारत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 9 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी. ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में मिली हार के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवा दी है. सीरीज में इंग्लैंड ने अब 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है और आखिरी मैच टीम इंडिया के लिए सिर्फ सम्मान बचाने का मुकाबला होगा.
टीम इंडिया को मिलेगा साउथेम्प्टन का साथ?
दरअसल, साउथेम्प्टन में 'द रोज बाउल' का मैदान आम तौर पर एक अच्छी और बैलेंस्ड पिच के लिए जाना जाता है. यहां शुरुआत में सीम गेंदबाजों को विकेट निकालने में काफी मदद मिलती है. हालांकि, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, यह पिच बल्लेबाजों के लिए ज्यादा सपोर्टिव हो जाती है. इस पिच का एवरेज स्कोर लगभग 172 रहता है.
साउथेम्प्टन में मैच के दिन बारिश पर क्या है अपडेट?
साउथेम्प्टन में 11 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. खिलाड़ियों को मैच के दौरान बहुत गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि, बीच-बीच में हल्के बादल आते-जाते रहेंगे. शाम होते-होते उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है. मैच के दौरान 17 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. राहत की बात ये है कि बारिश की संभावना सिर्फ एक प्रतिशत है जोकि नहीं के बराबर है.
भारत में कहां देख सकेंगे मैच का लाइव टेलीकास्ट?
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20I सीरीज का आखिरी भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा. मैच का लाइव स्ट्रीमिंग पहले की तरह ही जियो हॉटस्टार ऐप पर देख सकेंगे. इसके अलावा अगर आपके पास सब्सक्रिप्शन नहीं है तो सीरीज के आखिरी मैच का डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री लुत्फ उठा सकते हैं.
टीम इंडिया स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वाशिंगटन सुंदर.
इंग्लैंड स्क्वाड: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम कुरेन, विल जैक, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोश टोंग, जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स.
ये भी पढ़ें- मेलबर्न में पीएम मोदी का ऐलान, भारत में होगा बिग बैश लीग का ओपनिंग मुकाबला
ये भी पढ़ें- "तिलक वर्मा को टीम से बाहर करो," इंडिया की हार पर हार देख भड़के पूर्व चीफ सिलेक्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं