असम प्रतिबंधित मांस: असम के जोरहाट जिले में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब पुलिस ने एक घर पर छापेमारी के दौरान करीब 24 किलोग्राम कथित प्रतिबंधित मांस बरामद करने का दावा किया. पुलिस को पहले से इस संबंध में सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जोरहाट सदर थाना की टीम ने कार्रवाई की. अधिकारियों के अनुसार बरामद मांस के गोमांस होने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने बताया कि छापेमारी बाबलू अंसारी के घर पर की गई थी. तलाशी के दौरान बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाबलू अंसारी को हिरासत में ले लिया गया. इस कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्र होने लगे.
हिरासत के दौरान बढ़ा विवाद
मामला उस समय और संवेदनशील हो गया जब पुलिस बाबलू अंसारी को घर से बाहर लेकर जा रही थी. पुलिस का आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की. इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और घटनास्थल को कवर कर रहे पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी सामने आई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोगों ने मीडिया कर्मियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया. आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान चप्पलें भी फेंकी गईं और माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की गई. वहीं यह भी आरोप लगाया गया कि हिरासत में लिए गए बाबलू अंसारी ने कुछ पत्रकारों को धमकी दी.
स्थानीय संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के कई स्थानीय निवासी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए. उन्होंने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
एक और व्यक्ति हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि पत्रकारों के साथ कथित अभद्रता के मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है. अधिकारियों के अनुसार बाबलू अंसारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है, हालांकि इन मामलों का सत्यापन किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और बरामद मांस की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- असीम मुनीर अब रोकेंगे पाकिस्तान की बढ़ती जनसंख्या, शहबाज शरीफ ने दिए आदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं