जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20I मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर चला. 15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली. इस धमाकेदार पारी के बाद क्या फैंस और क्या दिगग्ज सभी वैभव की आतिशी बैटिंग के कायल हो गए हैं. इस बीच अब भारत के स्टैंड-इन बॉलिंग कोच सुनील जोशी ने युवा बल्लेबाज की तारीफ की. उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस युवा खिलाड़ी ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया.
सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे. इसके साथ ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. उनकी तूफानी पारी की वजह से भारत के लिए 126 रन का लक्ष्य हासिल करना महज औपचारिकता रह गई. मौजूदा T20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम ने 40 गेंदें बाकी रहते ही जीत हासिल कर ली और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.
दूसरे T20I से पहले क्या बोले कोच सुनील जोशी?
शनिवार को होने वाले दूसरे T20I से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोशी ने कहा, 'मुझे लगता है कि सबसे पहले हमें उनकी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहिए. उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और मुझे खुशी है कि उन्होंने अच्छा खेला है. यह मैदान उनके लिए लकी रहा है. उन्होंने यहां U19 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में अच्छा प्रदर्शन किया था. कल भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा.'
'सूर्यवंशी की बॉलिंग स्किल्स पर भी काम किया जाएगा'
उन्होंने यह भी बताया कि बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में सूर्यवंशी की बॉलिंग स्किल्स पर भी काम किया जाएगा. 'वैभव अपनी बल्लेबाज़ी को लेकर बहुत सहज हैं. जब भी हमें उनकी बॉलिंग पर काम करने का समय मिलेगा, मैं CoE में उनके साथ काम करूंगा. जब भी हम उन्हें अच्छी बॉलिंग करते हुए देखेंगे, तो हम निश्चित रूप से और तेजी से उस पर ध्यान देंगे.'
ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे पर भी बोले कोच
उभरते हुए सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे की तुलनाओं पर बात करते हुए, जोशी ने कहा कि इंटरनेशनल T20 क्रिकेट की ज़रूरतों के हिसाब से खुद को ढालने वाले युवा टैलेंट के साथ धैर्य और निरंतरता बनाए रखने की ज़रूरत है. 'देखिए, हमें तुलना नहीं करनी चाहिए. सूर्यांश भारतीय टीम में अपनी जगह बना रहे हैं. हार्दिक पांड्या ने अपनी जगह बनाई है. शिवम दुबे ने भी अपनी जगह बनाई है. इसलिए, वह एक उभरता हुआ टैलेंट हैं. हमें उनके साथ बने रहना होगा. वह अच्छी चीज़ों और सही पहलुओं पर काम कर रहे हैं. T20 फ़ॉर्मेट में हमें यही चाहिए.'
जोशी ने अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों की स्पिन-बॉलिंग काबिलियत का भी जिक्र किया, हालांकि इंटरनेशनल लेवल पर उनका ज्यादा इस्तेमाल नहीं हुआ है. 'मुझे लगता है कि तीनों ही अच्छे बॉलर और ऑलराउंडर हैं, हालांकि अभिषेक शर्मा ने काफी सुधार किया है.
उन्होंने कहा कि, 'कोच हमेशा चाहते हैं कि वे हर बार बेहतर हों और हर्ष दुबे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. हमारे पास तिलक वर्मा भी हैं. असल में, वे भी एक ऑप्शनल बॉलर हैं. हम उनसे ज़्यादा रन न देने, ज़्यादा डॉट बॉल फेंकने और बेसिक चीज़ों पर ध्यान देने के बारे में बात करते हैं. बस यही है, बहुत आसान है और इसे आसान ही रखना है.'
ये भी पढ़ें- SA20 का शेड्यूल जारी, सौरव गांगुली की टीम खेलेगी ओपनिंग मैच, जानें कब-कहां होगा फाइनल
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं