विज्ञापन

India Squad vs AFG: चार नए चेहरे...बुमराह, जडेजा को आराम, अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का ऐलान

India Squad vs Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है.

India Squad vs AFG:  चार नए चेहरे...बुमराह, जडेजा को आराम, अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का ऐलान

Team India Squad for Test and ODI Series vs Afghanistan: भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच और तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. दोनों ही फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में है. अनुभवी विराट कोहली और रोहित शर्मा को वनडे टीम में मौका मिला है, जबकि जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे. हालांकि, रोहित के अलावा, हार्दिक पांड्या का खेलना फिटनेस के आधार पर तय होगा. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए चार नए चेहरों को मौका दिया गया है. एक अहम बदलाव यह भी है कि टेस्ट टीम की उपकप्तानी अब ऋषभ पंत के हाथों से चली गई है और केएल राहुल रेड बॉल फॉर्मेट में शुभमन गिल के नए डिप्टी होंगे. 

बुमराह-जडेजा को आराम

रविंद्र जडेजा को टेस्ट मैच से आराम दिया गया है. जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह कार्यभार प्रबंधन के तहत टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है. अजित अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की सीनियर पुरूष चयन समिति की गुवाहाटी में हुई बैठक के बाद वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस की. अगरकर ने चयन समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा,"बुमराह इंग्लैंड दौरे पर वापसी करेंगे. वह अपने कार्यभार प्रबंधन पर काम कर रहे हैं."

ऋषभ पंत की गई उपकप्तानी

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी एक टेस्ट के लिए भारतीय टीम की उपकप्तानी से हटा दिया गया है और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिये वह टीम में भी नहीं हैं. केएल राहुल टेस्ट टीम में भारत के उप-कप्तान होंगे. जबकि वनडे में  श्रेयस अय्यर के कंधों पर यह जिम्मा होगा. 

वनडे में प्रिंस यादव को मौका

वनडे टीम की बात करें, तो रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को इस सीरीज में मौका दिया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस के आधार पर तय होगा. अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली वनडे सीरीज में नजर आएंगे. ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर को भी इस सीरीज में मौका दिया गया है. साथ ही वनडे टीम में प्रिंस यादव को मौका मिला है. प्रिंय यादव मौजूदा सीरीज में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे हैं और उन्होंने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है. गुरनूर बरार और हर्ष दुबे वनडे टीम का भी गिस्सा हैं.

ऐसा है शेड्यूल

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा, जिसके बाद 6 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच टूर्नामेंट की शुरुआत होगी. दोनों देश 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगे. 

इसके बाद 14 जून से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी. वनडे सीरीज का पहला मैच 14 जून को धर्मशाला में आयोजित होगा. सीरीज के शेष मैच 17 और 20 जून को क्रमश: लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे. टेस्ट मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 9.30 से शुरू होगा, जबकि वनडे मुकाबलों की शुरुआत दोपहर 1.30 से होगी.

टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साईं सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पड्डिकल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर).

वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा (फिटनेस के आधार पर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (फिटनेस के आधार पर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com