India ODI Squad vs Afghanistan: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए मंगलवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. देवजीत सैकिया और अजीत अगरकर ने गुवाहाटी में एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से टीम इंडिया का ऐलान किया. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है. जडेजा को भी आराम मिला है. जबकि आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका दिया गया है. वहीं विराट कोहली, रोहित शर्मा और हार्दिक टीम इंडिया का हिस्सा है, लेकिन रोहित-हार्दिक को लेकर टीम के साथ शर्त रखी है. इसके अलावा गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को भी टीम में शामिल किया गया है.
रोहित-हार्दिक को शर्त के साथ मिली जगह
रोहित शर्मा पूरी तरह फिट नहीं है. हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैच भी मिस किए थे, लेकिन फिर उन्होंने वापसी की है. जबकि हार्दिक पंड्या मुंबई का हिस्सा नहीं है. उन्हें पीठ दर्द की समस्या है. हार्दिक और रोहित को लेकर बीसीसीआई ने शर्त रखी है कि उनकी भागीदारी फिटनेस पर निर्भर होगी.
भारत इस सीरीज से अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू करेगा. बुमराह आईपीएल में खेल रहे हैं और उनके वर्कलोड को देखते हुए बोर्ड ने उन्हें टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए आराम दिया है. आईपीएल फाइनल के एक सप्ताह बाद ही अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज की शुरुआत होनी है.
ऋषभ पंत के हाथ से गई उपकप्तानी
केएल राहुल टेस्ट टीम में भारत के उप-कप्तान होंगे. इस टीम में युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी शामिल किया गया है. विकेटकीपिंग का जिम्मा ऋषभ पंत के कंधों पर होगा. साईं सुदर्शन, देवदत्त पड्डिकल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश राणा और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों के साथ एम सुथार, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को इस टीम में स्थान मिला है.
वनडे टीम की बात करें, तो रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को इस सीरीज में मौका दिया गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस के आधार पर तय होगा. अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली वनडे सीरीज में नजर आएंगे. ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर को भी इस सीरीज में मौका दिया गया है.
ऐसा है सीरीज का शेड्यूल
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा, जिसके बाद 6 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच टूर्नामेंट की शुरुआत होगी. दोनों देश 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगे. 14 जून से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी. वनडे सीरीज का पहला मैच 14 जून को धर्मशाला में आयोजित होगा. सीरीज के शेष मैच 17 और 20 जून को क्रमश: लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे. टेस्ट मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 9.30 से शुरू होगा, जबकि वनडे मुकाबलों की शुरुआत दोपहर 1.30 से होगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया
टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साईं सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पड्डिकल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर).
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा (फिटनेस के आधार पर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (फिटनेस के आधार पर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे.
यह भी पढ़ें: MS Dhoni: सीजन में पहली बार CSKजर्सी में नजर आए 'थाला', ग्राउंड्समैन के साथ खिचवाईं फोटो, फैंस को कहा 'शुक्रिया'
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Playoffs: कैसे चेन्नई की हार से गुजरात-हैदराबाद का प्लेऑफ टिकट हुआ कंफर्म, ऐसा है पूरा गणित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं