विज्ञापन

BSC स्टूडेंट को 'डार्लिंग' कहने वाला प्रोफेसर सस्पेंड, लखनऊ विश्वविद्यालय की कमेटी ने पाया दोषी

लखनऊ विश्वविद्यालय में बीएससी छात्रा से आपत्तिजनक बातचीत और पेपर लीक ऑफर मामले में प्रोफेसर परमजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है. वायरल ऑडियो के बाद जांच कमेटी ने उन्हें दोषी पाया.

BSC स्टूडेंट को 'डार्लिंग' कहने वाला प्रोफेसर सस्पेंड, लखनऊ विश्वविद्यालय की कमेटी ने पाया दोषी

Lucknow University Professor Suspended: लखनऊ विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर की शर्मनाक हरकत ने पूरे कैंपस को हिलाकर रख दिया है. बीएससी की छात्रा को ‘डार्लिंग' कहकर आपत्तिजनक बातें करने और पेपर लीक कराने का ऑफर देने के आरोप में असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया है. विश्वविद्यालय की जांच कमेटी ने उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाया है, जिसके बाद 15 दिन के भीतर उनसे लिखित जवाब मांगा गया है.

लखनऊ विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक में उच्चस्तरीय अनुशासन समिति की अंतरिम रिपोर्ट पर मुहर लगाई गई. इस रिपोर्ट में प्रोफेसर परमजीत सिंह के खिलाफ लगे आरोपों को गंभीर मानते हुए उन्हें दोषी माना गया. इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें सस्पेंड कर दिया और 15 दिन के भीतर जवाब देने का आदेश दिया.

छात्रा से अश्लील बातचीत का मामला

ये पूरा मामला उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई. इसमें प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा से बेहद आपत्तिजनक और निजी बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं. बातचीत में उन्होंने छात्रा को ‘डार्लिंग' कहकर संबोधित किया और उससे मिलने के लिए दबाव बनाते नजर आए.

पेपर लीक कराने का भी लगाया आरोप

वायरल ऑडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि प्रोफेसर ने छात्रा को परीक्षा के पेपर आउट कराने का ऑफर भी दिया. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने दोनों पेपर तैयार कर लिए हैं और छात्रा को मदद देने की बात कही. इस खुलासे के बाद पूरे मामले को और गंभीरता से लिया गया.

UGC और विशाखा गाइडलाइन का उल्लंघन

जांच में यह भी सामने आया कि प्रोफेसर पर छात्रा के यौन शोषण की कोशिश, विश्वविद्यालय की छवि को नुकसान पहुंचाने और UGC व विशाखा गाइडलाइन की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. ये सभी आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत सख्त कार्रवाई की.

पुलिस ने भी शुरू की जांच

मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को शिकायत दी. हसनगंज थाने में केस दर्ज कर प्रोफेसर को हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पेपर लीक से जुड़े दावे कितने सही हैं.

ऑडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि छात्रा ने ही इस ऑडियो क्लिप को सार्वजनिक किया, ताकि प्रोफेसर की हरकतें सामने आ सकें. वीडियो और ऑडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और छात्रों के बीच इस मामले को लेकर बड़ी चर्चा शुरू हो गई. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lucknow University Professor Suspended, Parmeet Singh Viral Audio, Professor Student Harassment India, Paper Leak Controversy University, Lucknow University News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com