विज्ञापन
This Article is From Jun 02, 2017

वीवीएस लक्ष्‍मण बोले, चैंपियंस ट्रॉफी में अपना खिताब बचा सकता है भारत, ये हैं टीम की खूबियां...

लक्ष्मण का कहना है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली इंग्लैंड की परिस्थितियों और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इन दोनों गेंदबाजों पर काफी निर्भर रहेंगे.

वीवीएस लक्ष्‍मण बोले, चैंपियंस ट्रॉफी में अपना खिताब बचा सकता है भारत, ये हैं टीम की खूबियां...
लक्ष्‍मण ने बुमराह और भुवनेश्‍वर को डेथ ओवर्स का बेहतरीन गेंदबाज माना है (फाइल फोटो)
  • कहा-भारत के पास हैं डेथ ओवर्स के सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाज
  • विराट कोहली के पास टीम चुनने के लिए विकल्‍प मौजूद
  • दोनों अभ्‍यास मैचों में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है
नई दिल्ली: भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि मजबूत गेंदबाजी के दम पर भारत इस साल चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब बचा सकता है. लक्ष्मण ने युवा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को पारी के आखिरी ओवरों के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शामिल बताया. लक्ष्मण का कहना है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली इंग्लैंड की परिस्थितियों और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इन दोनों गेंदबाजों पर काफी निर्भर रहेंगे.

लक्ष्मण ने खास मुलाकात में कहा, "भारत के पास चार अच्छे गेंदबाज हैं. साथ ही रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जड़ेजा के रूप में दो शानदार स्पिन गेंदबाज. सिर्फ नई गेंद से ही विकेट लेना जरूरी नहीं है आपको मध्य के ओवरों में भी विकेट लेने होंगे." उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि कोहली काफी हद तक बुमराह और भुवनेश्वर पर निर्भर करेंगे. यह दोनों मौजूदा समय में विश्व क्रिकेट में डेथ ओवरों के संभवत: सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं." लक्ष्मण ने कहा, "इसलिए विराट के पास विकेट को देखकर टीम चुनने की आजादी और विकल्प मौजूद हैं. भारत के पास चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब बचाने का बेहतरीन मौका है. दोनों अभ्यास मैचों में जिस तरह खिलाड़ी खेले हैं, वह शानदार है. बल्लेबाज तो अच्छी फॉर्म में हैं ही, लेकिन गेंदबाज कहर बरपा रहे हैं."

भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप-बी में पाकिस्तान, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है. भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले मैच को लेकर लक्ष्मण ने कहा यह मैच काफी दिलचस्प होगा. उन्होंने कहा, "दोनों देशों को अपनी टीमों से काफी उम्मीदें हैं. जहां तक विराट कोहली और उनकी टीम की बात है, मैं जानता हूं कि उन्होंने अपनी टीम से कहा होगा कि आप बाहर की बातों पर अपना ध्यान नहीं दें और अपना खेल खेलें और अपने लक्ष्य पर ध्यान दें." उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि एक बार वह ऐसा कर पाए तो उनके पास पाकिस्तान को मात देने की काबिलियत के साथ ही चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने का दमखम होगा."

लक्ष्मण ने विराट के आक्रामक खेल की तारीफ करते हुए कहा कि उनको इस तरह खेलते देखना अच्छा लगता है. उन्होंने कहा, "विराट एक कप्तान के तौर पर काफी आक्रामक हैं. अभ्यास मैच में जिस तरह न्यूजीलैंड और बांग्लादेश को ऑल आउट किया, जिस तरह विकेट लिए उसे देखकर काफी अच्छा लगा." दूसरे अभ्यास मैच में बांग्लादेश के खिलाफ शिखर धवन ने 60 रन और दिनेश कार्तिक ने 94 रनों की पारी खेली थी सात ही निचले क्रम में हार्दिक पांड्या ने आकर 54 गेंदों पर 80 रन बनाए थे.

लक्ष्मण ने भारतीय बल्लेबाजों की प्रशंसा की और इंग्लैंड में उनकी मनोदशा तथा योग्यता को सराहा. उन्होंने कहा, "कार्तिक, धवन, हार्दिक, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उसे देखकर अच्छा लगा. इंग्लैंड में आपको शरीर के पास से गेंद को खेलना जरूरी है." उन्होंने कहा, "आप अपने शरीर से दूर जाकर गेंद को नहीं खेल सकते. इसलिए हालात को जानना अहम है. सिर्फ पिच को नहीं बल्कि मौसम को भी, जो दिन में अचानक से बदलता रहता है." लक्ष्मण ने चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल के लिए अपनी चार संभावित टीमों के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा, "मेरे हिसाब से इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और भारत की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगीं. जो टीम अपने दिन विशेष पर अच्छा खेलेगी वही टूर्नामेंट अपने नाम करेगी. लेकिन, यह तय है कि कड़ा मुकाबला होने जा रहा है."

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Champions Trophy, Champions Trophy 2017, VVS Laxman, Team India, Champion
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com