विज्ञापन

'गोली खा लेना, लेकिन घूस मत लेना...' पिता की सीख पर चला IPS जसवीर सिंह का सफर, 93 महीने बाद डिमोशन संग बहाली

उत्तर प्रदेश कैडर के 1992 बैच के IPS अधिकारी जसवीर सिंह 93 महीने के निलंबन के बाद सेवा में बहाल हो गए हैं. योगी आदित्यनाथ पर NSA की संस्तुति, राजा भैया के खिलाफ कार्रवाई और विवादित बयानों के कारण वह लंबे समय तक चर्चा में रहे.

'गोली खा लेना, लेकिन घूस मत लेना...' पिता की सीख पर चला IPS जसवीर सिंह का सफर, 93 महीने बाद डिमोशन संग बहाली
ips jasvir singh reinstated after 93 months suspension demotion up police
Social Media
  • जसवीर सिंह पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं
  • सिविल इंजीनियरिंग के बाद 1992 बैच के IPS अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की
  • 2019 में बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर निलंबित कर दिया गया

'गोली खा लेना, लेकिन घूस मत लेना...' भारतीय सेना में हवलदार रहे पिता अर्जन सिंह की यह सीख उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी जसवीर सिंह के जीवन का मूलमंत्र बन गई. अपनी सख्त कार्यशैली, अनुशासन और बेबाक फैसलों के लिए पहचाने जाने वाले 1992 बैच के IPS जसवीर सिंह 93 महीने के निलंबन के बाद एक बार फिर सेवा में बहाल हो गए हैं. हालांकि, उनकी वापसी डिमोशन के साथ हुई है. कभी राजनीतिक दबाव के बीच अपने फैसलों को लेकर चर्चा में रहने वाले जसवीर सिंह के पुलिस करियर का यह एक बेहद अहम मोड़ है.

पंजाब से इंजीनियरिंग, फिर UPSC पास कर बने IPS

जसवीर सिंह मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक सिविल लिस्ट के मुताबिक, उनका जन्म 15 जनवरी 1968 को हुआ था. उनके पिता का नाम अर्जन सिंह है. उन्होंने पंजाब से सिविल इंजीनियरिंग में बीई की पढ़ाई की. इसके बाद UPSC परीक्षा पास कर 1992 बैच के IPS अधिकारी बने. उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला और 5 सितंबर 1993 को उन्होंने पुलिस सेवा जॉइन की.

योगी पर NSA लगाने की संस्तुति से लेकर राजा भैया पर कार्रवाई तक

जसवीर सिंह की पहचान ऐसे पुलिस अधिकारी के तौर पर रही, जिन्होंने कई संवेदनशील मामलों में अपने फैसलों से सुर्खियां बटोरीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ वर्ष 2002 में महराजगंज के एसपी रहते हुए NSA लगाने की संस्तुति का मामला हो, राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले में कार्रवाई या फिर बसपा सरकार के दौरान बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई, उनका नाम कई चर्चित पुलिस अभियानों से जुड़ा रहा. इन घटनाओं ने उन्हें एक सख्त और बेबाक अधिकारी की पहचान दिलाई. 

ips jasvir singh

ips jasvir singh

2019 में इंटरव्यू के बाद बढ़ा विवाद, फिर हुआ निलंबन

जसवीर सिंह के करियर में बड़ा मोड़ वर्ष 2019 में आया. एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने पुलिस के काम करने के तरीके, एनकाउंटर नीति और अधिकारियों की तैनाती पर सवाल उठाए थे. शासन ने इसे अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन मानते हुए उनसे जवाब मांगा था. इससे पहले, जब वह एडीजी होमगार्ड थे, तब उन्होंने विभाग में वर्दी खरीद और ईंधन उपयोग की व्यवस्था की समीक्षा की थी. इस दौरान उन्होंने कथित गड़बड़ियों को लेकर एक रिपोर्ट भी दी थी.

सरकारी आदेश के मुताबिक, नोटिस मिलने के बाद वह बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति और पूर्व सूचना के 4 फरवरी 2019 से ड्यूटी पर नहीं आए. सेवा नियमों के उल्लंघन और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के आधार पर 14 फरवरी 2019 को उन्हें निलंबित कर दिया गया. इसके बाद 93 महीने तक उनकी बहाली का इंतजार चलता रहा. एक इंटरव्‍यू में वे 'गोली खा लेना, लेकिन घूस मत लेना...' वाली पिता की सीख का भी जिक्र किया.

 जनवरी 2028 में रिटायरमेंट

अब शासन ने उनका निलंबन समाप्त कर बहाली का आदेश जारी कर दिया है. हालांकि, यह वापसी पदावनति के साथ हुई है. विभागीय कार्रवाई के तहत उन्हें एडीजी रैंक तक पदावनत किया गया है. उनकी सेवानिवृत्ति जनवरी 2028 में होनी है. ऐसे में डिमोशन के साथ हुई यह बहाली उनके लंबे पुलिस करियर का एक असामान्य पड़ाव मानी जा रही है.

पिता की सीख को जीवन का उसूल बनाने वाले जसवीर सिंह का करियर सख्त पुलिसिंग, राजनीतिक रूप से संवेदनशील फैसलों, विभागीय विवादों और लंबे निलंबन के इर्द-गिर्द रहा है. 93 महीने बाद उनकी वापसी ने एक बार फिर इस सवाल को चर्चा में ला दिया है कि बेबाक पुलिसिंग और विभागीय अनुशासन के बीच की रेखा आखिर कहां है.
 

यह भी पढ़ें | क‍िसान का बेटा सरकारी स्‍कूल में पढ़कर IPS, दिल्ली में शाहदरा DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा की सक्‍सेस स्‍टोरी

VIDEO: UPSC इंटरव्यू में पूछे गए ऐसे सवाल, DCP राजीव कुमार ने साझा किया अनुभव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com