विज्ञापन

चीफ सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा के लिए चैलेंज बने 'दोस्त' रोहित शर्मा, सामने हैं कई सवाल

न्यूजीलैंड दौरा एक तरह से रोहित के लिए अगले साल विश्व कप के लिए ट्रॉयल जैसा था. वजह थी पेस, बाउंसी पिचें और स्विंग..लेकिन रोहित इसमें पूरी तरह नाकाम रहे

चीफ सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा के लिए चैलेंज बने 'दोस्त' रोहित शर्मा, सामने हैं कई सवाल
रोहित शर्मा और चीफ सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा
source: X

जूनियर क्रिकेट के दिनों में पनपी दोस्ती इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और तत्कालीन राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रशिक्षण शिविरों के दौरान और गहरी हुई लेकिन आज रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा एक ऐसी पेचीदा परिस्थिति में खड़े हैं, जिसका समाधान भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले तलाशना होगा. राष्ट्रीय चयन समिति के प्रमुख ओझा भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स और फिर मुंबई इंडियन्स के लिए रोहित साथ खेल चुके है. ओझा के सामने यह मुश्किल स्थिति रोहित शर्मा का बल्ले से लगातार गिरता प्रदर्शन और इसके बावजूद खेलते रहने की उनकी जिद है. लेकिन रोहित की जिद पर उनकी हालिया नाकामी और इससे पैदा हुए कई वजनदार सवाल भारी पड़ रहे हैं. पूर्व दिग्गजों ने बातें करना शुरू कर दिया है, तो अब दोस्त प्रज्ञान ओझा के लिए भारतीय पूर्व कप्तान यहां से चैलेंज हो चले हैं.

यह भी पढ़ें: जो 19 साल में नहीं हुआ, वह रोहित शर्मा के साथ न्यूजीलैंड में गया, माथे से चिपका यह अनचाहा रिकॉर्ड

रोहित न्यूजीलैंड में बना सके सिर्फ 30 रन

ओझा के सामने अब यह कठिन सवाल है कि क्या केवल रोहित का खेलने का जज्बा ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिनी क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए भारतीय टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होगा? न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चार वनडे पारियों में महज 30 रन बना पाये.

..अगरकर की हुई थी तल्ख विदाई

इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिनी सीरीज से पहले तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर रोहित से मुलाकात करने वाले ओझा ही थे. इस मुलाकात का मकसद यह जानना था कि क्या रोहित लॉर्ड्स में संन्यास लेने के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार हैं. रोहित को हालांकि यह प्रस्ताव रास नहीं आया. उन्होंने भारतीय क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों तक अपनी नाराजगी भी पहुंचा दी. इसका नतीजा अगरकर के साथ बेहद तल्ख विदाई के रूप में सामने आया.

अब जिम्मेदारी ओझा पर

अगरकर के जाने के बाद अब पूरी जिम्मेदारी ओझा के कंधों पर आ गई है. मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बिना किसी खिलाड़ी का नाम लिए हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ संपन्न श्रृंखला में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के बार-बार लड़खड़ाने पर चिंता जताई है. भारतीय टीम ने हालांकि अपनी गेंदबाजी के शानदार प्रदर्शन के दम पर बल्लेबाजी की कमजोरियों की भरपाई करते हुए श्रृंखला 3-1 से अपने नाम की. अगले साल भारत में छह एकदिनी मुकाबले खेले जाने हैं. टीम नौ अक्टूबर (2027) से शुरू होने वाले विश्व कप की तैयारियों के निर्णायक चरण में प्रवेश करेगी. घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए गए उनके रन भी न्यूजीलैंड की बदली हुई परिस्थितियों में बेअसर साबित हुए थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ वह केवल रनों के लिए ही संघर्ष करते नहीं दिखे, बल्कि उछाल और गेंद की स्विंग के सामने भी असहज नजर आए. ऐसे में फिर भारत की पाटा पिचों पर विजय हजारे में बड़े स्कोर के क्या मायने रह जाते हैं?

विजय हजारे है तकनीक, फॉर्म का सही जवाब?

रोहित के विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेलने की संभावना है लेकिन वहां एक शतक जड़ देना उनकी तकनीकी और मौजूदा फॉर्म से जुड़ी तमाम समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता. यह जरूरी नहीं कि हर कठिन बातचीत का नतीजा सुखद ही निकले. यह भी किसी से छिपा नहीं है कि चैंपियंस ट्रॉफी जिताने के बावजूद अगरकर द्वारा रोहित से एकदिनी टीम की कप्तानी वापस लिए जाने के बाद दोनों की निजी दोस्ती में दरार आ गई थी. न्यूजीलैंड श्रृंखला के बाद अब ओझा को यह जानना जरूरी है कि रोहित अपने भविष्य को लेकर क्या सोच रहे हैं दूसरी ओर, रोहित के लिए भी यह स्पष्ट होना चाहिए कि विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयन समिति की आगे की योजना क्या है.

(स्रोत: भाषा)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rohit Gurunath Sharma, Pragyan Ojha, India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com