- भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मुकाबला सेमीफाइनल की रेस के लिए महत्वपूर्ण है.
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारत की प्लेइंग इलेवन और बैटिंग ऑर्डर में बदलाव की संभावना बढ़ गई है.
- संजू सैमसन को सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने का मौका मिल सकता है जबकि ईशान कोशन नंबर तीन पर रहेंगे.
IND vs ZIM, T20 World Cup: भारत और जिम्बाब्वे के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मुकाबला सेमीफाइनल की रेस के लिए काफी अहम है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को 76 रनों से हार मिली थी, जिससे टीम इंडिया का नॉकआउट का समीकरण बिगड़ गया. अफ्रीकी टीम के खिलाफ प्लेइंग इेलवन में अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को वापस मौके देने पर टीम मैनेजमेंट की जमकर आलोचना हुई थी. इसके अलावा सवाल अभिषेक और ईशान की सलामी जोड़ी, नंबर-3 पर तिलक को लगातार मौका देने पर है. टॉप ऑर्डर में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाज होने से विरोधी टीम ऑफ स्पिनर को अटैक पर ला रही हैं और उनका यह प्लान काम कर रहा है. ऐसे में क्या जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबले में भारत की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इस पर भी फैंस की निगाहें हैं.
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले के लिए भारत की ना सिर्फ प्लेइंग इलेवन बदलेगी बल्कि बैटिंग ऑर्डर में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. संजू सैमसन जो ट्रेनिंग सेशन में जमकर पसीना बहा रहे हैं, उन्हें मौका मिलना तय लग रहा है. अभिषेक शर्मा, जो रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उनके साथ संजू पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं.
अब सवाल ईशान कोशन को लेकर है, क्या वो मिडिल ऑर्डर में जाएंगे? इसका जवाब है नहीं. ईशान नंबर-3 पर खेलेंगे और नंबर-4 पर कप्तान सूर्यकुमार यादव. ऐसे में टॉप ऑर्डर में राइट हैंड और लेफ्ट हैंड कॉम्बिनेशन बना रहेगा. जबकि तिलक वर्मा मध्यक्रम में जा सकते हैं. वहीं टीम में अक्षर पटेल की वापसी तय है, क्योंकि वाशिंगटन सुंदर पिछले मुकाबले में बुरी तरह से फ्लॉप हुए थे.
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले की पूर्व संध्या पर मीडिया के सामने आए भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी इस तरह के संकेत दिए हैं कि बदलाव होंगे. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति जारी रहेगी. उन्होंने कहा,"निश्चित तौर पर हम उसी तरह की क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे. मुझे लगता है कि हमें बहुत सकारात्मक रहना होगा और उसी तरह की क्रिकेट खेलनी होगी जिसने हमें सफलता दिलाई है. हम उसी तरह से खेलेंगे. हमारे रवैए में कोई बदलाव नहीं होगा."
कोटक ने इसके साथ ही कहा कि मध्य क्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह दिन में बाद में टीम में शामिल हो सकते हैं. बाएं हाथ का यह बल्लेबाज अपने पिता के बीमार होने के कारण मंगलवार को नयी दिल्ली चला गया. उन्होंने कहा,"रिंकू के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उसे टीम छोड़नी पड़ी. मुझे लगता है कि वह आज शाम तक वापस आ जाएगा."
बुधवार को मीडिया के सामने आए सितांशु कोटक ने कहा,"खेल में बदलाव हो सकते हैं. हम टॉप तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों और विपक्षी टीमों द्वारा ऑफ स्पिन गेंदबाजी पर ध्यान दे रहे हैं. चूंकि हमने तीन मैचों में जल्दी ही सलामी बल्लेबाजों को खो दिया है, इसलिए हम इस बारे में चर्चा कर रहे हैं."
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: इंग्लैंड ने किया क्वालीफाई, सेमीफाइनल में रेस में ये तीन टीमें, ऐसा है पूरा गणित