- T20 WC का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा
- भारतीय टीम तीसरी बार ट्रॉफी जीतने और लगातार दूसरा खिताब हासिल करने का प्रयास करेगी
- भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर और न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है
IND vs NZ Final T20 World Cup 2026 Players Battle: आईसीसी (ICC Men's T20 World Cup 2026) का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों के पास इतिहास रचने का मौका है. न्यूजीलैंड जहां अपने पहले टी20 विश्व कप खिताब की तलाश में उतरेगा, वहीं भारतीय टीम तीसरी बार ट्रॉफी जीतने के साथ लगातार दूसरा खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेगी. भारतीय टीम ने मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई. वहीं न्यूजीलैंड ने कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया.
टी20 विश्व कप इतिहास में भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह चौथी भिड़ंत होगी. इससे पहले खेले गए तीनों मुकाबलों में जीत न्यूजीलैंड को मिली है. ऐसे में भारतीय टीम के पास इस बार पुराने रिकॉर्ड को बदलने और हिसाब बराबर करने का मौका होगा.
जसप्रीत बुमराह बनाम फिन एलन और टिम सीफर्ट
फाइनल में सबसे दिलचस्प मुकाबला भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन व टिम सीफर्ट के बीच देखने को मिल सकता है. बुमराह अपनी स्विंग और सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं, जबकि एलन और सीफर्ट आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं. ऐसे में शुरुआती ओवरों की यह टक्कर मैच का रुख तय कर सकती है. सेमीफाइनल में बुमराह ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
मैट हेनरी बनाम अभिषेक शर्मा-संजू सैमसन
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं. आईसीसी टूर्नामेंट में उनका भारत के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रहा है. हेनरी का सामना भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से होगा. सैमसन पिछले दो मैचों में शानदार फॉर्म में नजर आए हैं, जबकि अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में संघर्ष करते दिखाई दिए हैं. फाइनल में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी.
स्पिन विभाग में मिचेल सैंटनर की अहम भूमिका
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर स्पिन विभाग में अहम भूमिका निभा सकते हैं. अहमदाबाद का बड़ा मैदान और संभावित धीमी पिच उनकी गेंदबाजी के लिए मददगार हो सकती है. भारतीय टीम के सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को इस टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजी ने कुछ मौकों पर परेशान किया है. हालांकि शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या स्पिन खेलने में माहिर माने जाते हैं और वे सैंटनर की गेंदबाजी का जवाब दे सकते हैं.
रचिन रवींद्र भी बन सकते हैं खतरा
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भी अपनी स्पिन गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल सकते हैं. ऐसे में फाइनल मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कई रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती हैं.
अब सभी की नजरें अहमदाबाद में होने वाले इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ी जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं