भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार यानी की आज (30 अक्टूबर 2026) ऑकलैंड स्थित ईडन पार्क में खेला जाएगा. मैच से पहले क्रिकेट प्रेमियों का बस एक ही सवाल है. वह यह है कि पिछले तीन मुकाबलों की तरह उन्हें चौथे टी20 मुकाबले में भी खूब छक्के-चौके देखने को मिलेंगे या गेंदबाजों की आंधी आएगी. अगर आपका भी यही सवाल है तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं.
ईडन पार्क की बाउंड्री है छोटी
ईडन पार्क अपनी खास बनावट और ड्रॉप इन पिच के लिए मशहूर है. क्रिकेट की पिच मुख्य मैदान से नहीं बल्कि कहीं और से तैयार करके लाई जाती है. यहीं नहीं मैदान की बाउंड्री भी अन्य मैदानों की अपेक्षा छोटी है. यहां स्क्वायर बाउंड्री करीब 65 मीटर और सीधे हाथ की बाउंड्री लगभग 55 मीटर की है. जिससे बल्लेबाजों को बड़ा शॉट लगाने में फायदा होता है. मुकाबले के दौरान अगर कोई बल्लेबाज कुछ देर तक भी टिक जाता है तो वह रनों की बौछार कर सकता है.
शुरुआत में तेज गेंदबाजों को विकेट से मिलती है मदद
ईडन पार्क में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना रहती है. मुकाबले के दौरान बादल छाए रहते हैं तो उनके लिए सोने पर सुहागा है. क्योंकि इस दौरान नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने के आसार और बढ़ जाते हैं.
मगर गेंद पुरानी होने के बाद सधे हुए बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है. विकेट पर अच्छा उछाल देखने को मिलता है. यहां तेज गेंदबाज अपनी धीमी गति के गेंदों से बल्लेबाजों के ऊपर अंकुश लगा सकते हैं.
देखने को मिल सकता है हाई स्कोरिंग मुकाबला!
अब बात करते हैं आज फैंस को एक और हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिलेगा या गेंदबाजों का कहर, तो बात साफ है. अगर शुरुआती ओवरों में बल्लेबाज संभलकर खेल लेते हैं तो उसके बाद उनके पास रन बनाने का खूब अवसर होगा. मगर इस दौरान भी उन्हें धीमी गति के गेंदों के खिलाफ सावधान रहना होगा.
यह भी पढ़ें- RCB, MI, CSK को छोड़ वकार यूनुस ने चुनी IPL की पसंदीदा टीम, नाम सुनकर फैंस के उड़ जाएंगे होश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं