IND vs NAM, T20 World Cup: नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जब नामीबिया के खिलाफ जारी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम एक्शन में होगी, तब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि जसप्रीत बुमराह की वापसी के बाद कौन प्लेइंग इलेवन से बाहर होता है. बुमराह बीमार होने के चलते टूर्नामेंट ओपनर में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका दिया गया था. सिराज ने फैंस को निराश नहीं किया था और अर्शदीप के साथ भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई की और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. वैसे तो बुमराह की वापसी से सिराज को बाहर बैठना पड़ेगा, लेकिन यह भी देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारतीय प्रबंधन अर्शदीप को बाहर रखकर सिराज और बुमराह दोनों को खिलाता है या नहीं. इसकी संभावना काफी कम है. लेकिन मैनेजमेंट क्या चौंकाएगा, यह टॉस के दौरान ही पता चलेगा. वहीं इस मुकाबले में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर सकते हैं.
अर्शदीप के निशाने पर अश्विन का मेगा रिकॉर्ड
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे सफल गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अभी तक टीम इंडिया के लिए 120 विकेट झटके हैं. जबकि टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 29 विकेट झटके हैं. अर्शदीप टी20 वर्ल्ड कप में भारत की तरफ से दूसरे सफल गेंदबाज हैं. इस लिस्ट में टॉप पर रविचंद्रन अश्विन हैं, जिनके नाम 32 विकेट हैं. अगर अर्शदीप गुरुवार को 4 विकेट और झटक लेते हैं तो वह अश्विन को पछाड़ टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन जाएंगे. भारत के गेंदबाजी स्टार जसप्रीत बुमराह इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 26 विकेट हैं.
अर्शदीप जितने पावरप्ले में सफल हैं, उतने ही डेथ ओवर में. पावरप्ले में उन्होंने 51 विकेट झटके हैं. जबकि डेथ ओवर में उन्होंने 53 विकेट झटके हैं. जबकि मिडिल ओवर में उन्होंने 16 विकेट झटके हैं. पावरप्ले में उनका इकॉनमी 7.9 का है, जबकि डेथ ओवर में 9.2 का. हालांकि, अर्शदीप का स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा डेथ ओवरों में है. अर्शदीप डेथ ओवर में भारत की तरफ से क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. वहीं अर्शदीप को टी20 में 250 विकेट पूरे करने के लिए 1 विकेट की जरूरत है.
भारत पर दवाब- निकोल लोफ्टी इटोन
नामीबिया के ऑल-राउंडर जान निकोल लोफ्टी इटोन का मानना है कि गत चैम्पियन भारत पर अपनी धरती पर खेलने का दबाव होगा और बृहस्पतिवार को टी20 विश्व कप के इस मैच में उनकी टीम के पास खोने के लिये कुछ नहीं है. नामीबिया को पहले मैच में नीदरलैंड ने यहां सात विकेट से हराया था जबकि भारत ने मुंबई में अमेरिका को मात दी.
लोफ्टी इटोन ने मैच से पहले कहा,"भारत में खेलना बहुत बड़ी बात है और दबाव भारत पर रहेगा. लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने अपने मैदान पर खेलने का फायदा भी मिलेगा. हमारे पास खोने के लिये कुछ नहीं है. हम अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने के लिये खेलेंगे." अक्टूबर 2025 में नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को विंडहोक में टी20 मैच में चार विकेट से हराया था. ऐसे में टीम इंडिया नामीबिया को हल्के में नहीं लेना चाहेगी.
यह भी पढ़ें: SA vs AFG: ' पहले 3 छक्के और फिर 1 बॉल पर 5 रन...' राशिद खान ने रोमांचक मुकाबले में मिली हार के बाद दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं