- साउथ ब्लॉक स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में अंतिम कैबिनेट बैठक आयोजित होगी, जो शाम चार बजे शुरू होगी.
- साउथ ब्लॉक में पहली कैबिनेट बैठक 15 अगस्त 1947 को जवाहरलाल नेहरू की अध्यक्षता में हुई थी, अब अंतिम बैठक होगी.
- सेवा तीर्थ परिसर लगभग २.२६ लाख वर्ग फुट में फैला है और ₹1,189 करोड़ की लागत से विकसित किया गया है.
इस शुक्रवार को साउथ ब्लॉक स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO में होने वाली कैबिनेट की बैठक बेहद खास और भावनात्मक होने वाली है. शाम 4 बजे होने वाली यह बैठक इस ऐतिहासिक इमारत में अंतिम कैबिनेट मीटिंग होगी, क्योंकि इसके बाद PMO अपने नए स्थायी ठिकाने 'सेवा तीर्थ' में शिफ्ट हो जाएगा.
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह एक सांकेतिक बैठक है, जो पिछले करीब 80 वर्षों से सत्ता के केंद्र रहे साउथ ब्लॉक को सम्मानजनक विदाई देने के लिए आयोजित की जा रही है. गौरतलब है कि साउथ ब्लॉक में पहली कैबिनेट बैठक 15 अगस्त 1947 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की अध्यक्षता में हुई थी और अब 13 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां अंतिम बैठक की अध्यक्षता करेंगे.
विजय चौक के समीप बनकर तैयार 'सेवा तीर्थ' परिसर आधुनिक सुविधाओं से लैस है और लगभग 2.26 लाख वर्ग फुट में फैला हुआ है. करीब ₹1,189 करोड़ की लागत से विकसित इस परिसर में तीन मुख्य इमारतें हैं- सेवा तीर्थ-1 (PMO मुख्यालय), सेवा तीर्थ-2 (कैबिनेट सचिवालय) और सेवा तीर्थ-3 (NSA एवं राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय). इसी परिसर के साथ नया प्रधानमंत्री आवास भी बनाया जा रहा है, जो नए संसद भवन के बेहद करीब है. इस शिफ्टिंग का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के मूवमेंट को सुगम बनाना और आम जनता को होने वाली ट्रैफिक संबंधी परेशानियों को कम करना है.
PM मोदी इसी महीने अपने नए कार्यालय में शिफ्ट हो सकते हैं. वैसे तो कैबिनेट की बैठकें प्रायः '7 लोक कल्याण मार्ग' पर होती रही हैं. लेकिन सेवा तीर्थ में अब कैबिनेट मीटिंग के लिए एक विशेष हॉल तैयार किया गया है. दूसरी ओर, खाली होने वाले साउथ और नॉर्थ ब्लॉक को सार्वजनिक उपयोग के लिए संग्रहालयों में तब्दील करने की योजना है. नॉर्थ ब्लॉक में संग्रहालय बनाने का काम पहले ही शुरू किया जा चुका है, जिससे आने वाली पीढ़ियां भारत की प्रशासनिक विरासत को करीब से देख सकेंगी.
ये भी पढे़ं : एपस्टीन ने मुझे दोमुंहा कहा था... राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की दो टूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं