Yashasvi Jaiswal Dropped From ODI Squad: इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. भारतीय टीम में जहां तीन साल बाद जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ शतक ठोकने के बाद भी जायसवाल टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं. जायसवाल ने चेपॉक में हुए सीरीज के तीसरे वनडे में नाबाद 110 रनों की पारी खेली थी. लेकिन यह पारी भी टीम इंडिया में उनकी जगह कंफर्म ना करा पाई. बता दें, विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए फिट नहीं थे और ऐसे में यशस्वी जायसवाल को मौका दिया गया था. लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए कोहली की वापसी हुई है. हालांकि, उनकी भागीदारी फिटनेस पर निर्भर करेगी.
गिल ने दिए थे बाहर होने के संकेत
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद जब शुभमन गिल मीडिया के सामने आए तो उनसे जायसवाल को लेकर सवाल हुआ था और गिल ने कहा था कि वह जबरदस्त खिलाड़ी हैं, लेकिन जब सभी खिलाड़ी फिट होंगे तो उन्हें बाहर बैठना पड़ेगा. गिल ने कहा था,"हम सभी जानते हैं कि वह एक जबरदस्त खिलाड़ी हैं और किसी भी खिलाड़ी के लिए बाहर बैठना आसान नहीं होता. अगर सभी खिलाड़ी उपलब्ध हों, तो वह बदकिस्मत होते हैं, उन्हें बाहर बैठना पड़ता है. उन्हें इस सीरीज में कुछ मैच मिले और आज उन्होंने बहुत अच्छा खेला. इसलिए उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे और उन्हें जो भी मौके मिलेंगे उन्हें भुनाते रहेंगे."
बुमराह की हुई वापसी
जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी हुई है. वहीं, विराट कोहली को टीम में जगह दी गई है, लेकिन उन्हें फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा. शुभमन गिल कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे. गिल के साथ पारी का आगाज करते हुए रोहित शर्मा नजर आएंगे. विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है. वॉशिंगटन सुंदर इस सीरीज के लिए सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं.
वहीं, अक्षर पटेल को भी टीम में जगह दी गई है. नीतीश कुमार रेड्डी को भी 15 सदस्यीय टीम में रखा गया है. तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के हाथों में सौंपी गई है. वहीं, उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह देते हुए नजर आएंगे. अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बरार को भी टीम में शामिल किया गया है. स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव को टीम में रखा गया है.
ऐसा है सीरीज का शेड्यूल
वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई से होगी. सीरीज का पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच 16 जुलाई को होगा, जबकि सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाना है।बीसीसीआई ने बताया है कि वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वरुण अपने पैर की इंजरी से अभी पूरी तरह से उबर नहीं सके हैं और इसी कारण वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, वरुण इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार.
यह भी पढ़ें: हार्दिक चूके, बुमराह की वापसी, कोहली को शर्त के साथ मौका, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान
यह भी पढ़ें: हार्दिक चूके, बुमराह की वापसी, कोहली को शर्त के साथ मौका, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं