रोहित शर्मा के वनडे करियर को लेकर मीडिया में टीम मैनेजमेंट की ओर से खबरें आ रही हैं कि पूर्व कप्तान टीम इंडिया की 2027 वर्ल्ड कप की स्कीम में शामिल नहीं हैं. लेकिन 2023 के वर्ल्ड कप के फ़ाइनल तक टीम इंडिया को सफ़र करवाने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ना सिर्फ़ वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, बल्कि इसके लिए उन्होंने बहुत ज़्यादा मेहनत भी की है. सिर्फ़ उनके आंकड़ों के आधार पर उन्हें टीम से बाहर रख पाना भी आसान नहीं होगा.
कपिल देव ने दिया चौंकानेवाला बयान
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है. रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की अटकलों पर उन्होंने कहा कि हमें खुश होना चाहिए, दुखी क्यों हैं? क्योंकि सबको एक ना एक दिन जाना होता है. न्यूय एजेंसी ANI से बात करते हुए 1983 विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा, "दुखी क्यों होना? उन्होंने इतने सालों में हमें बहुत खुशी दी है. हर किसी को जाना ही होता है. सुनील गावस्कर चले गए, राहुल चले गए, अनिल कुंबले चले गए, सचिन चले गए. हर किसी को जाना ही होता है."
फ़िटनेस पर किया काम
सवा साल पहले चैंपियंस ट्रॉफ़ी की जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने बयान दिया था कि वो रिटायर नहीं कर रहे हैं और इस बारे में और कोई अफ़वाह नहीं होनी चाहिए. इस बीच रोहित शर्मा ने क़रीब 10 किलो अपना वज़न घटाया, फ़िटनेस पर काम किया और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इरादा भी ज़ाहिर किया कि वो 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं.
इंग्लैंड दौरे पर बर्मिंघम और कार्डिफ़ में खेली गई रोहित की दो पारियों ने उनके ख़िलाफ़ हवा बदल दी है. मगर चैंपियंस ट्रॉफ़ी की जीत के बाद रोहित के वनडे रिकॉर्ड कुछ और कहानी कहते हैं. रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 की जीत के बाद पिछले सवा साल में, 14 वनडे मैच खेले और उनमें 1 शतक और 4 अर्द्धशतकीय पारियां खेलीं. इस दौरान उन्होंने 45 के औसत से 589 रन बनाये.
2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीत के बाद
15 महीने में रोहित शर्मा का प्रदर्शन
- वनडे मैच- 14
- रन- 589
- बेस्ट- 121*
- औसत- 45.3
- 100/50- 1/4
रोहित ने अबतक खेले गए 287 वनडे मैचों में 49 के औसत से सबसे ज़्यादा 3 दोहरे शतक के साथ सबसे बड़ा 264 का स्कोर अपने नाम किया है. इसके अलावा उन्होंने 33 शतक और 62 हाफ़ सेंचुरी के साथ तकरीबन 12,000 रन जोड़े हैं.
वनडे में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
- वनडे मैच- 287
- रन- 11757
- औसत- 48.58
- 100/50- 33/62
- बेस्ट- 264
- डबल सेंचुरी- 3
रोहित शर्मा को लेकर 15 महीने बाद होनेवाले वर्ल्ड कप के मद्देनज़र बवाल मचा हुआ है. लेकिन अगर वो आगे खेलना चाहते हैं और लॉर्ड्स पर ऑस्ट्रेलिया की तरह एक शानदार पारी खेल जाते हैं तो टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें और बढ़नेवाली हैं.
आलोचकों को देंगे जवाब!
रोहित शर्मा के पुराने साथी पार्थिव पटेल ने जियोस्टार JioHotstar से बातचीत के दौरान भरोसा जताया है कि अगर लॉर्ड्स का यह मुकाबला रोहित का आखिरी मैच होता है, तो वे अपने बल्ले से आलोचकों का मुंह बंद करेंगे. पार्थिव ने कहा, 'अगर लॉर्ड्स वनडे वाकई उनके करियर का आखिरी मैच है, तो रोहित शर्मा एक शानदार शतक के साथ विदाई लेना चाहेंगे. वे ऐसा करने में पूरी तरह सक्षम हैं. हमने उनके पूरे करियर में देखा है कि जब भी वे दो या तीन मैचों में सस्ते में आउट होते हैं, तो वे ठीक अगली पारी में एक मैच जिताऊ पारी के साथ धमाकेदार वापसी करते हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं