विज्ञापन
This Article is From Jan 10, 2019

Ind vs Aus ODI Series: ऑस्‍ट्रेलिया को झटका, पहले वनडे में नहीं खेल पाएगा यह ऑलराउंडर..

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 12 जनवरी से प्रारंभ होगी.

Ind vs Aus ODI Series: ऑस्‍ट्रेलिया को झटका, पहले वनडे में नहीं खेल पाएगा यह ऑलराउंडर..
मिचेल मार्श बीमारी के कारण सिडनी के पहले वनडे से बाहर हो गए हैं
  • पेट की बीमारी से परेशान हैं मिचेल मार्श
  • दो दिन अस्‍पताल में गुजारने पड़े
  • सीरीज के अगले दो मैचों को लेकर भी संदेह
सिडनी:

टेस्‍ट सीरीज के बाद बारी अब वनडे सीरीज की है. भारत और ऑस्‍ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 12 जनवरी से प्रारंभ होगी. टेस्‍ट सीरीज की तरह ही वनडे सीरीज में भी भारतीय टीम (Team India) को जीत का दावेदार माना जा रहा है. वनडे सीरीज के पहले ही मेजबान ऑस्‍ट्रेलियाई टीम (Australia Team) को झटका लगा है. बीमारी के कारण हरफनमौला मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) पहले वनडे से बाहर हो गए हैं. उनके स्‍थान पर पर्थ स्‍कॉचर्स के बल्‍लेबाज एश्‍टन टर्नर को टीम में स्‍थान दिया गया है. पेट की तकलीफ के कारण मिचेल मार्श को पिछले दो दिन अस्‍पताल में गुजारने पड़े. सिडनी में 12 जनवरी को खेले जाने वाले पहले वनडे से वे बाहर हो गए हैं. सीरीज के अंतर्गत एडिलेड और मेलबर्न में होने वाले अगले दो वनडे मैचों में उनके खेलने को लेकर भी संदेह की स्थिति है.

ऑस्‍ट्रेलियाई टीम के कोच जस्टिन लैंगर ने कहा, 'हम मिचेल मार्श की स्थिति पर निगाह रखे हुए हैं. देखते हैं कि आगे उनकी रिकवरी की क्‍या स्थिति रहती है लेकिन यह तय है कि वे पहले वनडे में नहीं खेल पाएंगे.' मिचेल मार्श के लिए यह एक तरह से दूसरा झटका है. इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ होने वाले टेस्‍ट सीरीज के लिए भी उन्‍हें और उनके भाई शॉन को ऑस्‍ट्रेलिया टीम में स्‍थान नहीं दिया गया था. मिचेल मार्श के कवर के तौर पर शामिल किए गए टर्नर ने हाल ही में बिग बैश लीग के मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है.

 

ऑस्‍ट्रेलिया की वनडे टीम: एरॉन फिंच (कप्‍तान), उस्‍मान ख्‍वाजा, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकोंब, ग्‍लेन मैक्‍सवेल, एश्‍टन टर्नर, मार्कस स्‍टोइनिस, एलेक्‍स कारे, मिचेल मार्श, जे. रिचर्डसन, बिली स्‍टेनलेक, जेसन बेहरेनडोर्फ, पीटर सिडनी, नॉथन लियोन और एडम जाम्‍पा.

भारत की वनडे टीम: विराट कोहली (कप्‍तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, शिखर धवन, अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, एमएस धोनी, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्‍वर कुमार, खलील अहमद, मोहम्‍मद शमी और मोहम्‍मद सिराज.

भारत Vs ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज का कार्यक्रम

पहला वनडे - 12 जनवरी (शनिवार) - सिडनी - सुबह 8.50

दूसरा वनडे - 15 जनवरी (मंगलवार) - एडिलेड - सुबह 9.50 

तीसरा वनडे - 18 जनवरी (शुक्रवार) - मेलबर्न - सुबह 8.50

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs Australia, ODI Series, 1st ODI, Mitchell Marsh, Australia Team
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com