Hashmatullah Shahid fined breaching ICC Code of Conduct: भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है. आईसीसी (ICC) ने आचार संहिता के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है. बल्लेबाजी के दौरान पिच को नुकसान पहुंचाने की गलती अफगानी कप्तान को काफी भारी पड़ी है.
पिच को नुकसान पहुंचाने पर आईसीसी की कार्रवाई
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि हशमतुल्लाह शाहिदी को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.10.10 का दोषी पाया गया है. यह नियम सीधे तौर पर तब लागू होता है जब कोई बल्लेबाज अंपायर्स की मनाही के बावजूद डेंजर एरिया यानी पिच के मुख्य हिस्से को जानबूझकर या लापरवाही की वजह से नुकसान पहुंचाता है. आईसीसी ने इस कार्रवाई के साथ ही शाहिदी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक (Demerit Point) भी जोड़ दिया है. ये पिछले 24 महीनों के भीतर अफगानी कप्तान द्वारा किया गया पहला अपराध है.
दो बार चेतावनी के बाद टीम को भुगतना पड़ा 5 रनों का नुकसान
मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय हशमतुल्लाह शाहिदी को पिच के बीच में दौड़ने के लिए मैदानी अंपायर्स द्वारा दो बार अनौपचारिक रूप से टोका गया था. इसके बाद भी जब वे नहीं सुधरे, तो अफगानिस्तान की पारी के 31वें ओवर में उन्हें अंपायर ने आखिरी आधिकारिक चेतावनी दी. इसके बावजूद शाहिदी 40वें ओवर में फिर से पिच के डेंजर एरिया पर दौड़ते हुए पाए गए. उनकी इस लापरवाही के चलते अंपायर्स ने तुरंत कड़ा फैसला लेते हुए अफगानिस्तान की टीम पर 5 रनों की पेनाल्टी ठोक दी, जिससे टीम के कुल स्कोर में से ये रन काट लिए गए.
प्रसिद्ध कृष्णा और जायसवाल के दम पर भारत ने 9 विकेट से जीता मैच
अगर मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने खेल के हर विभाग में अफगानिस्तान को पूरी तरह चारों खाने चित कर दिया. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के करियर के पहले पांच विकेट हॉल (35 रन देकर 5 विकेट) और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के एक और शानदार नाबाद शतक की बदौलत भारत ने यह मुकाबला 9 विकेट के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आई और पूरी टीम 44.2 ओवरों में महज 218 रनों पर ही सिमट गई. अफगानिस्तान के लिए केवल उनके कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने एक छोर संभाले रखा और 131 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 102 रनों की जुझारू शतकीय पारी खेली, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 50 रनों का योगदान दिया.
रोहित-यशस्वी की ओपनिंग जोड़ी ने मचाया धमाल
219 रनों के इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 170 रनों की मजबूत ओपनिंग साझेदारी की. रोहित शर्मा 79 रनों की एक बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए. उनके पवेलियन लौटने के बाद यशस्वी जायसवाल (नाबाद 110 रन) ने श्रेयस अय्यर (नाबाद 20 रन) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े और महज 28.4 ओवरों में ही भारत को एक आसान और धमाकेदार जीत दिला दी.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं