- राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO पद की नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी है. पहले 5300 आवेदकों में से 54 शॉटलिस्ट किए गए.
- फिर इन 54 में 18 आवेदकों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है, जिन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है.
- अंतिम साक्षात्कार 11 और 12 अगस्त को राम जन्मभूमि परिसर में होगा, जिसके बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा.
Ram Mandir Trust CEO: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद शुरू हुए CEO नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है. बीते दिनों राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने CEO पद के लिए भर्ती निकाली थी. जिसमें करीब 5300 आवेदन आए. अब इस 5300 आवेदनों की पहली जांच के बाद उसमें से 54 आवेदन छांटे गए, फिर दूसरी जांच के बाद 54 में से 18 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए शॉटलिस्ट किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार इन 18 आवेदकों को अयोध्या में अंतिम साक्षात्कार में शामिल होने के लिए बुलाया गया है. साक्षात्कार तीन सदस्यीय पैनल करेगी. जिसके बाद सीईओ पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार का चयन होगा.
प्राइमरी स्क्रीनिंग के बाद 5300 में 54 उम्मीदवार छांटे गए
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नए CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. ट्रस्ट के CEO पद के लिए 5,300 से अधिक आवेदनों की प्राथमिक स्क्रीनिंग के बाद 54 आवेदकों का चयन हुआ. इन 54 में से 18 उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया गया है.
11-12 अगस्त को राम मंदिर परिसर में होगा साक्षात्कार
बताया गया कि 11 और 12 अगस्त को रामजन्मभूमि परिसर में इन आवेदकों का अंतिम साक्षात्कार होगा. चयन समिति के तीन सदस्य इन सभी 18 उम्मीदवारों का अंतिम इंटरव्यू लेंगे. जिसके बाद सीईओ का चयन किया जाएगा. अंतिम साक्षात्कार के बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा.
2 सितंबर को ट्रस्ट की बैठक, इस दिन हो सकती है ट्रस्ट की घोषणा
2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में CEO के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है. राम मंदिर दानपात्रों की धनराशि की गणना के दौरान चोरी के बाद CEO नियुक्ति का फैसला होगा. मंदिर की व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए CEO की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है. 6 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक में तीन सदस्यीय CEO चयन समिति का गठन हुआ था.
सीईओ चुनने वाली तीन सदस्यीय समिति में कौन-कौन
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ का चयन करने के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय चयन समिति बनी है. जिसमें डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी भी शामिल हैं. 13 जुलाई को CEO पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, 18 जुलाई आवेदन देने का समय था. मात्र 5 दिन में 5300 आवेदन आए थे.
चयन प्रक्रिया में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी की संभावना जताई जा रही है. सरकारी सेवा से रिटायर व्यक्ति के CEO बनने की भी संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें - राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की दौड़ में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर भी, अयोध्या की चर्चित नियुक्ति में क्या है पात्रता?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं