विज्ञापन
This Article is From Aug 08, 2017

ICC रैंकिंग : कोलंबो के 'करिश्‍मे' की बदौलत रवींद्र जडेजा ने हासिल की यह बड़ी उपलब्धि

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्‍ट में जबर्दस्‍त प्रदर्शन करने वाले भारत के रवींद्र जडेजा आईसीसी की ऑलराउंडर्स की सूची में टॉप पर पहुंच गए हैं.

ICC रैंकिंग : कोलंबो के 'करिश्‍मे' की बदौलत रवींद्र जडेजा ने हासिल की यह बड़ी उपलब्धि
रवींद्र जडेजा टेस्‍ट में नंबर वन बॉलर के साथ नंबर वन ऑलराउंडर भी बन गए हैं (फाइल फोटो)
  • ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में जडेजा शीर्ष स्‍थान पर पहुंचे
  • बांग्‍लादेश के शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ा
  • टेस्‍ट की गेंदबाजों की सूची में कायम रखा पहला स्‍थान
दुबई: श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्‍ट में जबर्दस्‍त प्रदर्शन करने वाले भारत के रवींद्र जडेजा आईसीसी की ऑलराउंडर्स की सूची में टॉप पर पहुंच गए हैं. गौरतलब है कि जडेजा के दोहरे प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने कोलंबो टेस्‍ट एक पारी और 53 रन के बड़े अंतर से जीता था. जडेजा अपने इस प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश के शाकिब अल हसन को हटाकर आईसीसी में आलराउंडरों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं जबकि उन्होंने गेंदबाजों की सूची में अपना नंबर एक स्थान बरकरार रखा है. जडेजा के अभी आलराउंडरों की सूची में 438 अंक हैं जबकि शाकिब के 431 अंक हैं.

यह भी पढ़ें : सस्पेंशन के बाद जडेजा का ट्वीट- 'हम शरीफ क्या हुए, पूरी दुनिया बदमाश हो गई'

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच में शतक जड़ने वाले चेतेश्वर पुजारा (888 अंक) बल्लेबाजों की सूची में एक पायदान आगे बढ़े हैं और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गये हैं. भारतीय कप्तान विराट कोहली (813 अंक) पांचवें स्थान पर बने हुए हैं. स्टीव स्मिथ और जो रूट अब भी बल्लेबाजों की सूची में पहले और दूसरे नंबर पर बने हुए हैं. अजिंक्य रहाणे (776 अंक) को शतक लगाने का फायदा मिला है और वह पांच पायदान चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गये हैं. सलामी बल्लेबाज के एल राहुल 737 अंक के साथ 11वें स्थान पर हैं.

यह भी पढ़ें : जडेजा की फिरकी में उलझा श्रीलंका, दूसरा टेस्‍ट पारी के अंतर से जीती टीम इंडिया

संयोग से जडेजा जिस मैच में अच्छे प्रदर्शन के जरिये आलराउंडरों की सूची में शीर्ष पर पहुंचे उसमें आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए उन पर एक टेस्ट मैच का प्रतिबंध लगाया गया है. कोलंबो में हाल में समाप्त हुए दूसरे टेस्ट मैच में जडेजा ने नाबाद 70 रन बनाने के अलावा सात विकेट भी लिये. उन्होंने दूसरी पारी में पांच विकेट लेते हुए टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया था. जडेजा बल्लेबाजों की सूची में नौ पायदान ऊपर 51वें स्थान पर हैं जबकि भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा चार पायदान ऊपर 44वें स्थान पर पहुंच गये हैं जो कि उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है.

वीडियो : श्रीलंका के खिलाफ जीत में चमके ये खिलाड़ी



गेंदबाजों की सूची में रविचंद्रन अश्विन (842 अंक) एक पायदान नीचे तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं जबकि जडेजा से एक पायदान नीचे जिमी एंडरसन दूसरे स्थान पर हैं. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी 20वें और उमेश यादव 22वें स्थान पर पहुंच गये हैं. इंग्लैंड के आलराउंडर मोईन अली भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के दम पर बल्लेबाजों की सूची में 21वें, गेंदबाजों की सूची में 18वें और आलराउंडरों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गये हैं. वह चार टेस्ट मैचों की सीरीज  में 250 रन और 25 विकेट लेने वाले पहले क्रिकेटर हैं. उन्हें दक्षिण अफ्रीका के मोर्ने मोर्कल के साथ सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया. (इनपुट : भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ICC Test Ranking, Ravindra Jadeja, Top Rank Allrounder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com