Vaibhav Suryavanshi on 700 Run in IPL 2026: बैंगलोर ने आईपीएल का ख़िताब लगातार दूसरी बार जीतकर दुनिया भर में अपने फ़ैन्स को खुश कर दिया है. लेकिन बैंगलोर की जीत के साथ एक नये सितारे का नाम सबकी ज़ुबान पर है, और वो बेशकीमती, चमकता सितारा भारतीय क्रिकेट के आसमान में जगमगा रहा है. बैंगलोर ने आईपीएल का सबसे बड़ा ख़िताब जीता तो इस सितारे ने IPL 2026 के पांच टॉप खिताब जीते और सबका दिल भी. 27 मार्च को वैभव सूर्यवंशी ने अपना 15वां जन्मदिन मनाया लेकिन उनके चेहरे की मासूमियत और भोलापन अब भी बरक़रार है, सिर्फ़ क्रिकेट के मैदान पर ये यकीन कर पाना मुश्किल होता है कि इस खिलाड़ी का अंतर्राष्ट्रीय सफ़र अभी शुरू भी नहीं हुआ है.
‘मैंने 700 रन बनाने का नोट्स बनाया था'
वैभव सूर्यवंशी ने इसी साल दसवीं का बोर्ड इम्तिहान नहीं बनाया क्योंकि उनके नोट्स तैयार नहीं थे. लेकिन क्रिकेट की दुनिया के लिए उन्होंने अपने एमए और पीएचडी के नोट्स तैयार कर रखे हैं. आईपीएल में मैच प्रेज़ेन्टेशन के बाद STAR SPORTS पर पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और कॉमेन्टेटर जतिन सप्रू से बात करते हुए वैभव सूर्यवंशी कहते हैं, “मैंने अपने फ़ोन में नोट्स बनाया था कि इस बार मुझे आईपीएल सीज़न में 700 रन बनाने हैं. हर मैच के बाद मैं जाकर उसे फ़ोन में मेन्शन करता था. तो वो एक गोल हासिल हुआ मेरा.”
किस तरह से रन बनाये वो बेहद अहम - गावस्कर
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर कहते हैं, “इसके परफ़ोरमेंस के बारे में जितनी भी तारीफ़ करें वो कम होगी. क्योंकि सिर्फ़ रन बनाने की बात नहीं होती. किस तरह से उन्होंने रन बनाया, किस कॉन्फ़िडेंस से उन्होंने रन बनाया, किस कॉन्फ़िडेंस से उन्होंने छक्के मारे और जब यॉर्कर आते थे तो किस कॉन्फ़िडेंस से उन्होंने अपनी बैट-स्पीड को संभालकर उसे ब्लॉक किया, फुलटॉस आया तो यॉर्कर को चौका भी मारा. तो ये जो बैटिंग की समझ होती है वो सबसे महत्वपूर्ण चीज़ है मेरे लिए. आप लॉन्ग ऑफ़, स्ट्रेट और लॉन्ग ऑन की ओर सीधे बल्ले से खेल रहे थे.”
अवार्ड्स की लगा दी झड़ी
वैभव ने आईपीएल के दूसरे बल्लेबाज़ों से 80 से 100 के ज़्यादा स्ट्राइक रेट यानी 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली. IPL 2026 फाइनल के बाद उन्हें 5 बेहद अहम अवार्ड मिले.
वैभव के इनाम में कार के साथ कितने रुपये मिले?
• मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर – आईपीएल के सभी खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे ज़्यादा 436.5 अंक लेकर वैभव बने टूर्नामेंट के मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (MVP). इनाम में मिले 15 लाख रुपये.
• ऑरेंज कैप – 16 मैचों में सबसे ज़्यादा रन के लिए मिला ये अवार्ड. इनाम में मिले 10 लाख रुपये.
• इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन – टूर्नामेंट में बेहतरीन युवा प्रतिभा का अवार्ड 16 साल के वैभव के नाम हुआ. 10 लाख रुपये इनाम में मिले.
• सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन – वैभव ने 237.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी कर आईपीएल खेल रहे सभी स्टार बैटर्स को पीछे छोड़ दिया. इनाम में मिली कार.
• सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन- आईपीएल 2026 में वैभव ने सबसे ज़्यादा 72 छक्के लगाए और क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इत्तिफ़ाकन उन्होंने इन मैचों में 63 चौके भी जड़े. इनाम में 10 लाख रुपये मिले.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं