भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों को लेकर अपनी पसंद जाहिर की है. एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान जब उनसे ऑल टाइम टॉप-3 बल्लेबाजों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के क्रिकेट की दुनिया के तीन दिग्गजों का नाम लिया.
हरभजन ने अपनी लिस्ट में सचिन तेंदुलकर को पहला स्थान दिया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक और 34 हजार से अधिक रन बनाने वाले सचिन को क्रिकेट जगत में सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में गिना जाता है. वहीं दूसरे नंबर पर हरभजन ने विराट कोहली को चुना, जो मौजूदा दौर के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं और तीनों फॉर्मेट में शानदार रिकॉर्ड रखते हैं.
पूर्व भारतीय स्पिनर की लिस्ट में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा रहे. लारा टेस्ट क्रिकेट में 400 रन की नाबाद पारी खेलने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं और उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में गिना जाता है.
हरभजन सिंह ने चुने ऑल टाइम बेस्ट थ्री क्रिकेटर
2001 चेन्नई टेस्ट की भी सुनाई याद
इसके अलावा हरभजन सिंह ने याद किया कि कैसे उन्होंने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में अपना संयम बनाए रखा और जीत दिलाने वाले रन बनाए. उन्होंने कहा कि यह पल सिर्फ दो रन बनाने से कहीं बढ़कर था, क्योंकि इसी के साथ भारत ने एक शानदार सीरीज जीत पूरी की थी. 'जियोस्टार' से बात करते हुए, हरभजन ने तीसरे टेस्ट के उस यादगार अंत को याद किया, जहां भारत ने 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की थी.
जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी, हरभजन ग्लेन मैक्ग्रा का सामना कर रहे थे. उन्होंने बताया कि कैसे मैक्ग्रा ने फील्ड सेटिंग बदली, जिससे उन्हें लगा कि वह शॉर्ट गेंद डालेंगे, लेकिन तेज गेंदबाज ने यॉर्कर डालकर उन्हें चौंका दिया. 'आखिर में, जब मेरी बारी आई, तो जीत के लिए दो रन चाहिए थे और ग्लेन मैक्ग्रा गेंदबाजी कर रहे थे. मुझे याद है कि उन्होंने फील्ड बदल दी थी; उन्होंने 'पॉइंट' से फील्डर को हटाकर एक अतिरिक्त फील्डर 'गली' में लगा दिया, ताकि मुझे लगे कि वह शॉर्ट गेंद डालने वाले हैं.'
उन्होंने बताया कि, 'फील्ड सेटिंग देखकर मैं बाउंसर के लिए तैयार था, लेकिन उन्होंने मुझे चकमा दे दिया और यॉर्कर डाल दी. मेरा बल्ला बिल्कुल सही समय पर नीचे आया और गेंद ठीक उसी दिशा में गई, जहां से उन्होंने 'पॉइंट' वाले फील्डर को हटाया था.' 'वहां कोई फील्डर नहीं था, और जैसे ही गेंद वहां से निकली, मुझे नहीं लगता कि मैंने अपनी जिंदगी में कभी इतनी तेजी से दौड़ने की कोशिश की होगी.'
उन्होंने कहा, 'जीत दिलाने वाले रन बनाने का वह पल हमेशा मेरे साथ रहेगा, क्योंकि यह सिर्फ उन दो रनों की बात नहीं थी, बल्कि यह उस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हराने की बात थी- खासकर तब, जब हमने उस सीरीज के दौरान बहुत कुछ झेला था.' इसके अलावा हरभजन सिंह ने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई टेस्ट की यादें भी ताजा कीं. उन्होंने बताया कि जीत के लिए जब सिर्फ दो रन चाहिए थे और सामने ग्लेन मैक्ग्रा गेंदबाजी कर रहे थे, तब उन्होंने बाउंसर की उम्मीद की थी. हालांकि मैक्ग्रा ने यॉर्कर फेंकी, जिसे हरभजन ने समय रहते खेल दिया और गेंद पॉइंट क्षेत्र से निकल गई.
हरभजन ने कहा कि वह दो रन शायद अपने जीवन में कभी इतनी तेजी से नहीं दौड़े होंगे. उनके मुताबिक वह सिर्फ जीत के रन नहीं थे, बल्कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत का हिस्सा थे. भारत ने उस सीरीज में वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार जीतों में से एक दर्ज की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं