भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का कहना है कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टी20 टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर सबसे छोटे फॉर्मेट में जीत हासिल करके, आने वाली वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर दिया है. खास बात यह है कि इस सीरीज से पहले टीम को तैयारी के लिए बहुत कम समय मिला था. भारत ने मेजबान टीम को टी20 सीरीज में 3-2 से हराया.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज ड्रॉ करने के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड पहुंची थी और उसके प्रैक्टिस के लिए सिर्फ एक दिन का समय मिला था. न्यूजीलैंड में टीम इंडिया को चार अलग-अलग जगहों पर खेले गए मैचों के बीच आराम करने या रिकवर होने के लिए बहुत कम समय मिला था.
ब्लैक कैप्स के खिलाफ जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में दिए गए एक भाषण में गंभीर ने कहा,"आप सभी ने इस सीरीज में जो मेहनत की है, उस पर आपको बहुत गर्व होना चाहिए. न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उनके ही घर में सीरीज जीतना, जबकि तैयारी के लिए सिर्फ एक दिन मिला हो... यह वाकई गर्व की बात है. आप सभी अपना सिर ऊंचा करके वापस जा सकते हैं."
इस भाषण का वीडियो BCCI ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है. गंभीर ने आगे कहा,"हां, आप आखिरी दो मैच भी जीतना चाहते थे, लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है. फिर भी, मुझे लगता है कि आप लोगों ने बाकी दौरे के लिए एक अच्छी नींव रख दी है. सीरीज शुरू होने से पहले भी मैंने कहा था कि माहौल सेट करने की जिम्मेदारी आप लोगों की है." उन्होंने कहा,"अब यह वनडे और टेस्ट टीम के खिलाड़ियों पर निर्भर है कि वे वहीं से आगे बढ़ें, जहां से आप लोगों ने इसे छोड़ा है."
बुधवार से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसके बाद 19 नवंबर से दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.गंभीर ने टी20 खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने अगले असाइनमेंट दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए खुद को फिट रखें.
उन्होंने कहा,"हमें लगातार सुधार करते रहना है, यह बहुत जरूरी है. हम जानते हैं कि हम बहुत ज्यादा T20 क्रिकेट नहीं खेलते हैं. अब हमारे पास एक महीने का ब्रेक है, इसलिए ध्यान रखें कि आप अपनी फिटनेस बनाए रखें और अच्छी तरह तैयार रहें." गंभीर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा,"हम एक टीम के रूप में आगे बढ़ते रहें, एक टीम की तरह सोचते रहें और एक टीम की तरह खेलते रहें."
यह भी पढ़ें: शोएब अख्तर की ऑल टाइम ODI XI, शेन वॉर्न कप्तान, सचिन-गॉर्डन ओपनर, धोनी, गिलक्रिस्ट युवराज को भी मिला मौका
यह भी पढ़ें: 'मैं इतना सुंदर नहीं हूं...', शादी के सवाल पर नवदीप सिंह ने दिया जवाब, गर्लफ्रेंड को लेकर भी किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं