Gautam Gambhir Press Conference: भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने आखिरकार उन सवालों का जवाब दिया है जिसको लेकर उनकी काफी आलोचना होती है. गंभीर ने इस बात को नकार दिया है कि भारत टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रहा है. उनका कहना है कि हालिया हार को किसी बड़ी गिरावट के सबूत के तौर पर नहीं, बल्कि बदलाव के दौर के हिस्से के तौर पर देखा जाना चाहिए. गॉल में 165 रन से जीत हासिल करने के बाद, भारत कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेलने जा रहा है, जिसमें उसके पास 1-0 की बढ़त है. लेकिन दूसरा टेस्ट ही सीरीज का नतीजा तय करेगा, इसलिए सबकी नजरें उस टीम पर टिकी हैं जो कई बड़े खिलाड़ियों के संन्यास लेने के बाद अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश कर रही है.

हम संघर्ष नहीं कर रहे', टेस्ट टीम की आलोचना पर गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्पी
गंभीर ने प्रेस से बात करते हुए टेस्ट टीम को लेकर बात की और कहा, " हम संघर्ष नहीं कर रहे हैं, रैंकिंग मायने नहीं रखती. हम बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं. उतार-चढ़ाव तो आएंगे ही, लेकिन इंग्लैंड सीरीज के बाद से हम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं." उन्होंने कहा, "गाले की पिच टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छी थी, हमें वहां खेलने में मज़ा आया और उम्मीद है कि यहां की पिच भी वैसी ही रहेगी. यह कोई एकदम सही टेस्ट मैच नहीं था, लेकिन टेस्ट मैच ऐसे ही खेले जाते हैं."
भारत का टेस्ट टीम में बदलाव का दौर अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन एक नई कोर टीम के उभरने के संकेत पहले ही दिखने लगे हैं. गिल अपनी लीडरशिप की भूमिका में निखर रहे हैं, पडिक्कल नंबर 3 पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और सुथार ने स्पिन का एक रोमांचक नया विकल्प दिया है.
पडिक्कल और सुथार की गंभीर ने की तारीफ
इसके अलावा टीम के कोच गंभीर ने पडिक्कल और सुथार को लेकर बात की और कहा, उनका परफॉर्मेंस बहुत संतोषजनक रहा, लेकिन अभी और काम करना बाकी है.भारतीय क्रिकेट के लिए यह अच्छी बात है कि उन्होंने आते ही अच्छा प्रदर्शन किया.सिर्फ एक मैच के आधार पर खिलाड़ियों को आंकना सही नहीं है"
तीन टेस्ट मैचों की सीरीज सबसे अच्छी
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत पहले ही 1-0 की बढ़त बना चुका है, जिसका मतलब है कि कोलंबो में होने वाला दूसरा टेस्ट ही सीरीज का फैसला तय करेगा. गंभीर का मानना है कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज टीमों को पहला मैच हारने के बाद वापसी करने का बेहतर मौका देती है. उन्होंने कहा, "3 टेस्ट मैचों की सीरीज सबसे अच्छी होती है. कम समय में अगला मैच खेलना ठीक है, हम जानते हैं कि अपने शरीर को कैसे संभालना है और रिकवर कैसे करना है. हम ऑप्शनल प्रैक्टिस करवाते हैं और गेंदबाजों को आराम देते हैं. मुझे लगता है कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खिलाड़ियों के लिए सबसे अच्छी होती है.
ये भी पढ़ें- नीरज चोपड़ा दूसरे स्थान पर रहे, पथिरागे ने लुसाने डायमंड लीग में खिताब जीता, जानें किसने कितना दूर फेंका भाला
ये भी पढ़ें- IND vs SL: कुलदीप की छुट्टी, सारांश का डेब्यू? दूसरे टेस्ट के लिए गौतम गंभीर के सामने प्लेइंग XI की चुनौती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं