विज्ञापन

NEET Leak Case: टेलीग्राम पर पेपर भेजे, पुणे की सीक्रेट क्लास और करोड़ों का खेल; नीट पेपर लीक केस में CBI को क्या-क्या पता चला?

NEET Paper Leak Case: इस पेपर लीक मामले ने छात्रों और अभिभावकों के बीच भारी गुस्सा और चिंता पैदा कर दी है.अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ कुछ लोगों का खेल था या देश की परीक्षा प्रणाली में कहीं बहुत गहरी सेंध लग चुकी है.

NEET Leak Case: टेलीग्राम पर पेपर भेजे, पुणे की सीक्रेट क्लास और करोड़ों का खेल; नीट पेपर लीक केस में CBI को क्या-क्या पता चला?
neet paper leak
  • NEET-UG 2026 परीक्षा में पेपर लीक एक संगठित नेटवर्क द्वारा संचालित बड़े एजुकेशन स्कैम के रूप में सामने आया है
  • CBI ने राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र समेत कई शहरों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
  • गुरुग्राम के यश यादव को नेटवर्क का प्रमुख बिचौलिया माना जा रहा है जो पेपर सप्लायर्स और छात्रों को जोड़ता था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

NEET Exam Leak CBI Enquiry: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में कथित पेपर लीक मामले ने अब देश के सबसे बड़े एजुकेशन स्कैम का रूप ले लिया है.CBI की जांच में लगातार ऐसे खुलासे हो रहे हैं जो न सिर्फ परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं, बल्कि यह भी दिखा रहे हैं कि किस तरह छात्रों के भविष्य को करोड़ों रुपये के खेल में दांव पर लगाया गया.जांच एजेंसी के मुताबिक यह कोई साधारण पेपर लीक नहीं था, बल्कि एक बेहद संगठित नेटवर्क था जिसमें परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े एक्सपर्ट टीचर्स, बिचौलिए, छात्रों के परिवार, एजेंट और कई राज्यों में फैले संपर्क शामिल थे.

अब तक 9 गिरफ्तार, कई शहरों तक फैला था जाल 

CBI ने अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.इनमें राजस्थान के जयपुर और सीकर, हरियाणा के गुरुग्राम, महाराष्ट्र के नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से आरोपी शामिल हैं.जांच एजेंसी का दावा है कि इस नेटवर्क का काम बेहद योजनाबद्ध तरीके से चलता था. पहले परीक्षा से जुड़े लोगों के जरिए प्रश्नपत्रों तक पहुंच बनाई जाती थी, फिर चुनिंदा छात्रों और उनके परिवारों से संपर्क कर लाखों रुपये में डील की जाती थी. इसके बाद Telegram, WhatsApp और PDF फाइलों के जरिए सवाल भेजे जाते थे.कुछ मामलों में छात्रों को पुणे में स्पेशल कोचिंग क्लास में बुलाकर वही सवाल रटवाए गए जो बाद में असली परीक्षा में आए.

राजस्थान से शुरू हुआ पूरा खेल 

इस पूरे मामले में सबसे पहले राजस्थान का नाम सामने आया.CBI जांच में खुलासा हुआ कि राजस्थान के सीकर और जयपुर में बैठा एक नेटवर्क लीक पेपर हासिल करने और उसे दूसरे छात्रों तक पहुंचाने का काम कर रहा था.जांच एजेंसी के मुताबिक मंगीलाल बिवाल इस नेटवर्क का अहम हिस्सा था.आरोप है कि उसने अपने बेटे और दूसरे छात्रों के लिए लीक प्रश्नपत्र हासिल किए थे.CBI को उसके मोबाइल फोन से कई अहम चैट्स और NEET-UG 2026 से जुड़े दस्तावेज मिले हैं.जांच में यह भी सामने आया कि मंगीलाल ने WhatsApp के जरिए लीक पेपर की मांग की थी और इसके लिए लाखों रुपये की डील तय हुई थी.

कौन है आरोपी मंगीलाल?

CBI के मुताबिक मंगीलाल ने सिर्फ अपने परिवार तक ही पेपर सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे दूसरे छात्रों तक भी पहुंचाया.आरोप है कि उसने अपने बेटे अमन बिवाल, रिश्तेदार ऋषि और गुंजन समेत कई उम्मीदवारों को प्रिंट कॉपी उपलब्ध कराई.इतना ही नहीं, उसने अपने जानकार शिक्षक सत्यनारायण तक भी लीक प्रश्नपत्र पहुंचाए थे.जांच एजेंसी का मानना है कि मंगीलाल नेटवर्क में डिस्ट्रिब्यूटर की तरह काम कर रहा था, जो लीक पेपर को आगे छात्रों तक पहुंचाता था.

मंगीलाल के भाई दिनेश बिवाल की भूमिका भी अहम

इस मामले में दिनेश बिवाल की भूमिका भी बेहद अहम बताई जा रही है.दिनेश, मंगीलाल का भाई है और उसका बेटा विकास बिवाल NEET की तैयारी कर रहा था. CBI जांच में सामने आया कि दिनेश बिवाल ने अप्रैल 2026 में करीब 30 लाख रुपये देकर प्रश्नपत्र खरीदा था.एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह रकम आखिर किन लोगों तक पहुंची और क्या इसके पीछे कोई बड़ा आर्थिक नेटवर्क सक्रिय था.जांच में यह भी सामने आया कि पिछले कुछ वर्षों में बिवाल परिवार के चार सदस्य NEET में चयनित हो चुके हैं, जिससे एजेंसी को शक है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय हो सकता है.

पैसों के बदले पेपर दिलाने की बात हुई थी

विकास बिवाल भी CBI जांच के केंद्र में है.पूछताछ में उसने बताया कि राजस्थान के सीकर में कोचिंग के दौरान उसकी मुलाकात गुरुग्राम निवासी यश यादव से हुई थी.यश यादव ने दावा किया था कि वह पैसे लेकर NEET का लीक पेपर उपलब्ध करा सकता है.विकास ने बताया कि उसके छोटे भाई अमन के लिए भी पैसों के बदले पेपर दिलाने की बात हुई थी.CBI के मुताबिक यश यादव ने विकास से कहा था कि अगर वह और उम्मीदवार जोड़कर लाएगा तो उसे मुफ्त में पेपर मिलेगा. इसके बाद विकास ने कई छात्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा और उनकी जानकारी WhatsApp तथा Instagram के जरिए शेयर की गई.

यश यादव पूरे नेटवर्क का बड़ा बिचौलिया

गुरुग्राम निवासी यश यादव को इस पूरे नेटवर्क का बड़ा बिचौलिया माना जा रहा है. CBI जांच में सामने आया कि वही छात्रों और पेपर सप्लायरों के बीच संपर्क स्थापित कर रहा था.आरोप है कि टेलीग्राम के जरिए PDF फाइलों में प्रश्नपत्र भेजे गए.जांच एजेंसी को उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध चैट्स मिली हैं.CBI का कहना है कि यश यादव ने अपने iPhone से कई अहम सबूत डिलीट करने की कोशिश की थी, लेकिन फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.एजेंसी अब डिलीटेड डेटा रिकवर कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है.

Latest and Breaking News on NDTV

सीबीआई को आरोपियों के चैट्स भी मिले 

जांच में नासिक निवासी शुभम का नाम भी सामने आया है.CBI के मुताबिक शुभम शुरुआती स्तर पर गेस पेपर और प्रश्नों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था.उसने कथित तौर पर यश यादव को बताया था कि वह Physics, Chemistry और Biology के करीब 500-600 सवाल उपलब्ध करा सकता है, जिनसे अच्छे नंबर लाए जा सकते हैं.जांच में सामने आया कि शुभम ने छात्रों के 10वीं और 12वीं के दस्तावेज, NEET रोल नंबर और सिक्योरिटी के तौर पर चेक भी मांगे थे.29 अप्रैल 2026 को टेलीग्राम के जरिए PDF फाइलों में प्रश्नपत्र भेजे गए थे.CBI को बरामद PDF फाइलों में प्रश्नों के साथ-साथ आरोपियों की बातचीत भी मिली है. 

पुणे से लेक्चरर गिरफ्तार 

CBI जांच का सबसे बड़ा खुलासा महाराष्ट्र के पुणे से हुआ.एजेंसी ने केमिस्ट्री लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है. जांच के मुताबिक कुलकर्णी NTA की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े थे और उन्हें प्रश्नपत्रों तक पहुंच हासिल थी.आरोप है कि अप्रैल 2026 के आखिरी सप्ताह में उन्होंने पुणे स्थित अपने घर पर चुनिंदा छात्रों के लिए स्पेशल कोचिंग क्लास आयोजित की.इन क्लास में वे छात्रों को सवाल,ऑप्शन और सही जवाब डिक्टेट करते थे.छात्र उन सवालों को अपनी नोटबुक में लिखते थे.CBI का दावा है कि छात्रों की नोटबुक में लिखे गए सवाल असली NEET-UG 2026 परीक्षा से हूबहू मेल खाते हैं.एजेंसी कुलकर्णी को Chemistry पेपर लीक का मुख्य स्रोत मान रही है.

पुणे से ही गिरफ्तार मनीषा वाघमारे की भूमिका भी बेहद अहम मानी जा रही है.CBI के मुताबिक वही छात्रों को इन सीक्रेट क्लास तक पहुंचाने का काम करती थी.वह छात्रों और पेपर लीक नेटवर्क के बीच संपर्क का बड़ा माध्यम थी. जांच एजेंसी का मानना है कि वही चुनिंदा उम्मीदवारों को इकट्ठा कर उन तक लीक सवाल पहुंचाने में मदद कर रही थी. CBI ने Biology सेक्शन पेपर लीक मामले में भी बड़ी कार्रवाई की है.

एजेंसी ने पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया है.आरोप है कि वह NTA की एक्सपर्ट टीम का हिस्सा थीं और उन्हें Botany तथा Zoology के प्रश्नपत्रों तक सीधी पहुंच थी.CBI के मुताबिक उन्होंने भी अपने घर पर छात्रों की गुप्त क्लास लगाई और परीक्षा में आने वाले सवालों पर चर्चा की.छात्रों से सवाल नोट करवाए गए और किताबों में मार्किंग भी करवाई गई. जांच एजेंसी का दावा है कि इन क्लास में बताए गए कई सवाल असली परीक्षा में आए थे. CBI मंधारे को Biology पेपर लीक की मुख्य मास्टरमाइंड मान रही है.

सीबीआई इन पहलुओं पर करेगी जांच 

इसके अलावा महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार धनंजय लोखंडा की भूमिका भी जांच के दायरे में है. एजेंसी को शक है कि वह नेटवर्क में छात्रों और सप्लायरों के बीच समन्वय का काम कर रहा था.उसके आर्थिक लेन-देन और संपर्कों की जांच की जा रही है. CBI अब इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय पहलू, डिजिटल ट्रेल और NTA के अंदर संभावित मिलीभगत की जांच कर रही है.एजेंसी ने कई मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक रिकॉर्ड, हार्ड डिस्क और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं.फॉरेंसिक एक्सपर्ट डिलीटेड चैट, कॉल रिकॉर्ड और ट्रांजैक्शन की जांच में जुटे हैं.CBI ने कोर्ट में कहा है कि पुलिस कस्टडी में पूछताछ बेहद जरूरी है ताकि पूरे पेपर लीक रैकेट, उसमें शामिल बाकी आरोपियों और असली स्रोत तक पहुंचा जा सके.

देशभर में लाखों छात्र हर साल डॉक्टर बनने का सपना लेकर NEET परीक्षा देते हैं.ऐसे में इस पेपर लीक मामले ने छात्रों और अभिभावकों के बीच भारी गुस्सा और चिंता पैदा कर दी है.अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ कुछ लोगों का खेल था या देश की परीक्षा प्रणाली में कहीं बहुत गहरी सेंध लग चुकी है.

यह भी पढ़ें- बवाल के बाद NTA में बड़ा बदलाव, दो नए जॉइंट सेक्रेटरी और जॉइंट डायरेक्टर्स किए गए नियुक्त

यह भी पढ़ें- नीट पेपर लीक मामले पर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से की ये मांग
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com