विज्ञापन

ओली रॉबिन्सन ने बरपाया कहर, लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 194 रनों से रौंदकर जीती सीरीज

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को लॉर्ड्स टेस्ट में 194 रनों से रौंद दिया है और सीरीज अपने नाम कर ली है.

ओली रॉबिन्सन ने बरपाया कहर, लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 194 रनों से रौंदकर जीती सीरीज
England beat Pakistan by 194 Runs in Lord test

ओली रॉबिन्सन ने एक बार फिर कहर बरपाया जिसके दम पर इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान को 194 रनों से रौंद दिया. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज अपने नाम कर ली है. जिस तरह की बल्लेबाजी पाकिस्तान ने इस सीरीज में की है, उसे देखकर यह कहना गलत नहीं था कि मैच का नतीजा पहले से तय था. लेकिन पाकिस्तान को अपनी बेहतरी के लिए कुछ करके दिखाना था. पर बाबर आजम एंड कंपनी ऐसा नहीं कर पाई. सीरीज में बराबरी के लिए पाकिस्तान को 389 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला था, लेकिन चौथे दिन चाय के लगभग 45 मिनट बाद 194 रन पर ऑलआउट हो गई. 

पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 14 के स्कोर पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे. बीते कुछ समय से रनों के लिए संघर्ष कर रहे सऊद शकील अपनी छाप छोड़ने के इरादे से उतरे थे. उन्होंने शान मसूद के साथ चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान की उम्मीदें कायम रखीं. 

शकील और कप्तान शान मसूद ने तीन विकेट पर 14 रन के स्कोर से 97 रन की साझेदारी की और करीब चार घंटे तक इंग्लैंड के गेंदबाजों को परेशान किया. हालांकि देर से हुई चाय से लगभग एक घंटे पहले रॉबिन्सन ने मसूद को आउट करके यह साझेदारी तोड़ दी.

इसके तुरंत बाद उन्होंने मोहम्मद रिजवान को भी आउट कर दिया, जो उनका टेस्ट क्रिकेट में 99वां विकेट था. इसके बाद उन्होंने दोबारा गेंदबाजी नहीं की. शॉर्ट बॉल के खिलाफ उन्होंने तेजी से रन बटोरे. हालांकि, 97 के स्कोर पर इसी गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया. 

पाकिस्तान दूसरी पारी में 194 रन बनाने में सफल रहा और शकील का इसमें 50 फीसदी योदगान रहा. यह इस सीरीज में किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा. दूसरी पारी में पाकिस्तान के छह बल्लेबाज दूसरी पारी में दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए. इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट लिए. उन्हें जोश टंग का साथ मिला, जिन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों को आउट किया.

इंग्लैंड को मुकाबले में केवल 18 विकेट लेने पड़े क्योंकि पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक पहले दिन बाएं पैर की पिंडली में चोट लगने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे. तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने मैच में कुल आठ विकेट लिए. उन्होंने रविवार को 24 रन देकर चार विकेट चटकाए और पूरे मैच में 35 रन देकर आठ विकेट हासिल किए. 

इंग्लैंड अब 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है. बता दें, यह दिसंबर 2024 के बाद से इंग्लैंड की पहली टेस्ट सीरीज जीत है. इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में अपने पिछले पांच टेस्ट मैच जीते हैं. उन्हें यहां आखिरी हार 2023 की एशेज सीरीज में मिली थी.

बता दें, टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम पहली पारी में 290 रन पर सिमट गई थी. टीम ने 36 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद जॉर्डन कॉक्स (55) ने मोर्चा संभाला. उन्होंने हैरी ब्रूक (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 41 रन, डैन लॉरेंस (17) के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन और जेमी स्मिथ (61) के साथ छठे विकेट के लिए 67 रन जुटाकर टीम को संभाला.

इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम अपनी पहली पारी में 37.2 ओवरों का ही सामना कर सकी. पाकिस्तान ने इस पारी में महज 110 रन बनाए. टीम ने 30 के स्कोर तक तीन विकेट खो दिए थे, जिसके बाद सलामी बल्लेबाज अजान ओवैस (46) ने सऊद शकील (16) के साथ चौथे विकेट के लिए 33 रन और मोहम्मद रिजवान (7) के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 रन जुटाकर टीम को किसी तरह शतक पूरा करवाने में मदद की. इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन ने 13 ओवरों में 11 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट निकाले.

इंग्लैंड के पास पहली पारी के आधार पर 180 रन की बढ़त थी. इस टीम ने अपनी दूसरी पारी में 208 रन बनाकर पाकिस्तान को जीत के लिए चौथी पारी में 389 रन का लक्ष्य दिया. इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में डैन लॉरेंस ने 9 बाउंड्री के साथ सर्वाधिक 54 रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक ने 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, एमिलियो ने 31 रन और कप्तान जो रूट ने 24 रन टीम के खाते में जोड़े. पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद अब्बास ने 57 रन देकर 5 विकेट निकाले.

यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, सूजी बेट्स को छोड़ा पीछे, अब नजरें मिताली के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर

यह भी पढ़ें: दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास: 7 गेंद, 0 रन, 3 विकेट, T20I में वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, England, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com