भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने आखिरी बार 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट खेला था. कभी चोट, कभी फिटनेस तो कभी कुछ अज्ञात कारणों से नेशनल सिलेक्शन कमिटी ने उन्हें नजरअंदाज किया. भले ही शमी घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन नेशनल टीम में उनकी वापसी की उम्मीदें हर गुजरते दिन के साथ कम होती जा रही हैं. हालांकि, जब खबरे हैं कि अजीत अगरकर भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर नहीं होंगे तो क्या मोहम्मद शमी की टीम में वापसी होगी? ऐसे कई सवाल हैं. हालांकि, इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर दिनेश कार्तिक ने मोहम्मद शमी के टीम इंडिया में कमबैक को लेकर कहा है कि नेशनल टीम अब शमी से आगे बढ़ चुकी है और उन्हें वापस लाने का "कोई मतलब नहीं" है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा, भले ही उन्होंने सीरीज 2-1 से जीत ली. इसमें कोई शक नहीं कि पिचें बल्लेबाजी के लिए अच्छी थीं, लेकिन गेंदबाजों के लगातार संघर्ष ने फैंस, एक्सपर्ट्स और यहां तक कि पूर्व क्रिकेटरों को भी निराश किया. फिर भी, कार्तिक को नहीं लगता कि शमी को टीम में वापस बुलाना सही फैसला होगा.
क्रिकबज के साथ एक वीडियो में शमी की जगह के बारे में पूछे जाने पर कार्तिक ने कहा,"नहीं, मुझे लगता है कि दूसरे तेज गेंदबाज भी हैं." उन्होंने आगे कहा,"भारत उनसे आगे बढ़ चुका है. पीछे मुड़कर देखने का कोई फायदा नहीं है. इसलिए मैं शमी के बारे में नहीं सोचूंगा, भले ही उन्होंने बहुत अच्छी गेंदबाज़ी की हो."
गेंदबाजी यूनिट में भारत के पास अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे स्थापित स्टार हैं, जबकि गुरनूर बरार, आकिब नबी, अंशुल कंबोज वगैरह को धीरे-धीरे ज़्यादा मौके दिए जा रहे हैं.
हालांकि, इसकी तुलना में कार्तिक चाहते हैं कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी नेशनल टीम के लिए खेलते रहें. असल में, कार्तिक को यह भी लगता है कि अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के बाद जब ये अनुभवी जोड़ी खेल को अलविदा कह देगी, तो वनडे क्रिकेट का भविष्य धुंधला नज़र आएगा.
उन्होंने कहा,"हां, क्योंकि वे दो सबसे बड़े नाम हैं, और चूंकि भारत वर्ल्ड क्रिकेट का केंद्र है, इसलिए अगर हम दो बेहतरीन क्रिकेटरों को खो देते हैं, तो इसका असर ज़रूर पड़ेगा."
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में एंट्री, हांगकांग सिक्सेस में संभालेंगे कप्तानी, ये स्टार खिलाड़ी भी शामिल
यह भी पढ़ें: 'सबसे अच्छी बात जो मुझे लगी...' कप्तान श्रेयस अय्यर की इस खूबी ने जीता कोच गौतम गंभीर का दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं