हाल ही में ओमान में पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर मात देकर एशिया अंडर-19 टीम का जश्न चर्चा का विषय बना हुआ है. अलग-अलग लोग इसे लेकर बातें कर रहे हैं. किसी ने भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन किया है, तो कोई इसे गलत ठहरा रहा है. बहरहाल, अब भारतीय पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने खिलाड़ियों के आचरण की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि इस तरह का जश्न युवा क्रिकेटरों को गलत संदेश देता है और खेल की भावना को ठेस पहुंचाता है.
'यह खेल के लिए अच्छा नहीं'
हालांकि, वेंगसरकर खुद कई कड़े भारत-पाकिस्तान मुकाबलों का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उनका मानना है कि मौके चाहे जो भी हों, इस तरह के व्यवहार को किसी भी तरह से सही नहीं ठहाराय जा सकता. उन्होंने कहा,'यह खेल के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है. युवा इन चीजों को टेलीविजन पर देखते हैं और फिर अंडर-14, अंडर-16 या अंडर-19 क्रिकेट खेलते समय वैसी ही नकल करने की कोशिश करते हैं. अगर ऐसा ही चलता रहा तो हम कहां जा रहे हैं? खिलाड़ियों को मैदान के अंदर और बाहर व्यवहार करना सिखाया जाना चाहिए. फिर चाहे वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA/COE) के माध्यम से हो या अन्य माध्यमों से.' पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने भारत-पाकिस्तान मुकाबलों से जुड़ी तीव्र भावनाओं को स्वीकार किया.
'यह युवाओं पर गलत प्रभाव डालता है'
वेंगी बोले, 'मैं समझता हूं कि भारत-पाकिस्तान मैच बहुत अधिक भावनाओं वाले होते हैं और इनमें जोश चरम पर होता है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप ऐसा व्यवहार करें जो स्वीकार्य न हो. इस तरह का व्यवहार युवाओं पर गलत प्रभाव डालता है.' मुंबई में जमीनी स्तर (ग्रासरूट्स) के क्रिकेट को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से जुड़े वेंगसरकर ने बताया कि उन्होंने जूनियर स्तर पर भी इस तरह के व्यवहार को तेजी से बढ़ते देखा है. भारतीय पूर्व कप्तान ने कहा, 'मैं अपनी अकादमियों में भी यही सब देख रहा हूं. जब भी टीमें जीतती हैं, तो खिलाड़ी मैदान पर दौड़कर आते हैं, गिल्लियां (स्टंप्स) उखाड़ते हैं और नाचने लगते हैं. ऐसा पहले कभी नहीं होता था. वे टीवी पर इन दृश्यों को देखते हैं और फिर उनकी नकल करते हैं.'
'ICC को साफ संदेश देने की जरूरत'
क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों से इस मामले में कड़े हस्तक्षेप की मांग करते हुए वेंगसरकर ने कहा कि ICC (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद), एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) और मैच अधिकारियों को स्वीकार्य आचरण पर एक स्पष्ट संदेश देना चाहिए. उन्होंने कहा, 'आचार संहिता (कोड ऑफ कंडक्ट) का कोई न कोई रूप होना चाहिए. ICC, ACC और मैच रेफरी की तरफ से एक कड़ा संदेश जाना चाहिए.' 70 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने यह भी सुझाव दिया कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को औपचारिक रूप से ब्रीफ किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, 'हर टूर्नामेंट से पहले, अधिकारियों को खिलाड़ियों को संबोधित करना चाहिए. फिर चाहे वे अंडर-19, अंडर-17 या अंडर-23 के क्रिकेटर हों, और स्पष्ट रूप से समझाना चाहिए कि क्या व्यवहार स्वीकार्य है और क्या नहीं.' वैसे, वेंगसरकर ने इस बात को स्वीकार किया कि आखिरी गेंद पर जीत के बाद नैसर्गिक रूप से आने वाले खिलाड़ियों के जश्न को रोकना अधिकारियों के लिए मुश्किल हो सकता है. वेंगसरकर ने कहा कि कोचों को भी एक सक्रिय भूमिका निभानी होगी.
'एक सही उदाहरण पेश हो'
उन्होंने कहा, 'मैंने कुछ साल पहले (2020 अंडर-19 विश्व कप फाइनल के दौरान) बांग्लादेश को कुछ ऐसा ही करते देखा था, पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के दौरान ऐसा किया और अब भारत ने ऐसा किया है. इसे किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता. किसी को भी ऐसा नहीं करना चाहिए.' उन्होंने अंत में कहा, 'महत्वपूर्ण बात यह है कि एक सही उदाहरण पेश किया जाए. युवा क्रिकेटर हमेशा देखते हैं और उच्चतम स्तर पर जो देखते हैं, उससे सीखते हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं