पिछले दिनों अंडर-19 एशिया कप की खिताबी जीत में नंबर-10 पर आकर 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेलने के बाद मोहित उल्वा गली-मोहल्ले, ऑफिस और क्रिकेट गलियारे में चर्चा का विषय बने हुए हैं. एक सुपर इनिंग ने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या को दो हजार से 41,000 कर दिया. और यह संख्या उनकी लोकप्रियता के साथ ही अभी भी लगातार बढ़ रही है. लेकिन 18 साल के मोहित उल्वा जमीन से जुड़े हुए हैं. उन्हें 'नेशनल हीरो' बनने की कोई खास खुशी या उत्साह नहीं है. अब भारत लौटने के बाद इस युवा स्टार ने cricbuzz बेवसाइट से बातचीत में दिल की बात कही. और इस बातचीत में उन्होंने आखिरी गेंद पर जड़े चौके, इसके पीछे की प्लानिंग के बारे में डिटेल से बात की.
'ठीक इसी बॉल का इतंजार था'
पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी गेंद पर चौके के बाद जिंदगी के सवाल पर मोहित ने कहा, 'यह बहुत शानदार था, बिल्कुल किसी सपने जैसा. मैं सच में भगवान का शुक्रिया अदा करता हूँ कि उन्होंने मुझे उस पल के लिए चुना.' मोहित ने जड़े चौके के बारे में कहा, 'उस आखिरी ओवर मैं बस उसी एक गेंद का इंतज़ार कर रहा था. मुझे पता था कि एक बाउंड्री लगते ही आठ रन आसानी से बन जाएंगे. मैं बस उस एक गेंद का इंतज़ार कर रहा था जिस पर बाउंड्री लगाकर मैच जीता जा सके. और भारत के लिए जीत पक्की की जा सके और खिताब अपने नाम किया जा सके. संयोग से, जिस गेंद का मुझे इंतज़ार था, वह बिल्कुल आखिर में आई.'
'शॉट खेलने के लिए काफी समय था'
उन्होंने कहा, 'असल में मैं गेंद को हिट करने के लिए मोमेंटम (रफ़्तार) बना रहा था. इसलिए, मैं क्रीज़ से थोड़ा बाहर निकला, लेकिन गेंदबाज़ ने एक शॉर्ट बॉल डाल दी. मेरे पास एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शॉट मारने के लिए काफी समय था. और एक्स्ट्रा कवर तथा लॉन्ग-ऑफ के बीच काफी जगह खाली थी. इसलिए, मैं आगे बढ़ा और अपने लिए जगह बनाई. गेंद छोटी (शॉर्ट) थी. लेकिन मेरे पास उसे उस खाली जगह में मारने के लिए जरूरी आर्म स्विंग थी. यह एक ऐसी चीज थी जो मैंने सीखी थी.'
'चौका लगाने का पूरा भरोसा था'
आखिरी गेंद पर चौका लगाने के भरोसे पर मोहित ने कहा, 'मुझे यह भरोसा था. मैं बस उसी एक गेंद का इंतजार कर रहा थ. लेकिन फिर बात आखिरी गेंद पर आ गई, इसलिए मेरे पास शॉट मारने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था. वहीं, थोड़ा हैरानी भरा यह रहा कि जब मोहित को याद दिलाया गया है कि भारतीय फैंस उनके चौके की तुलना कई साल पहले पाकिस्तान के भारत के खिलाफ आखिरी गेंद पर जड़े छक्के से पाकिस्तान को दिलाई जीत से कर रहे हैं, तो मोहित ने कहा कि उन्हें इस बारे में मालूम नहीं है. (बता दें कि मोहित जन्म 2007 में हुआ था, और शारजाह वाला वह मैच उनके जन्म से 21 साल पहले, 1986 में खेला गया था).
आप और किन जगहों को निशाना बनाने की सोच रहे थे? आपने एक्स्ट्रा कवर और लॉन्ग-ऑफ के बीच से शॉट खेला। क्या आपने कोई और विकल्प भी सोचा था? इस पर मोहित बोले, ' गेंदबाज बहुत ही फ्लैट (सीधी और नीची) लाइन पर गेंदबाजी कर रहा था, और वह ऑफ स्टंप के बाहर भी गेंद डाल रहा था. शुरुआत में मैंने मिड-विकेट की तरफ शॉट मारने की कोशिश की. लेकिन उस गेंदबाज के खिलाफ उस एरिया में वह शॉट खेलने में मैं बहुत सहज नहीं था.'
'हवा में शॉट मारने की कोई जरूरत नहीं थी'
युवा ऑलराउंडर ने कहा, 'इसलिए मैंने सोचा कि मैं मिड-ऑफ की तरफ शॉट मार सकता हूं क्योंकि वह छोटी (शॉर्ट) गेंदें भी डाल रहा था. पिच पर अच्छा बाउंस भी था. मुझे लगा कि मैं एक्स्ट्रा कवर और मिड-ऑफ के बीच से खेल सकता हूं. उसने मिड-ऑफ को काफी सीधा रखा था. लगभग लॉन्ग-ऑफ की तरह. इसलिए कवर और लॉन्ग-ऑफ के बीच काफी जगह खाली थी. मुझे पता था कि अगर मैं गेंद को ज़मीन के सहारे खेलूं, तो भी बाउंड्री मिल सकती है. हवा में शॉट मारने की कोई ज़रूरत नहीं थी. मुझे बस सही गैप ढूंढना था. इसलिए मैं आगे बढ़ा और उस गैप में शॉट खेलने के लिए अपने लिए जगह बनाई.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं