दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के 12वें मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ 39 रन से शानदार जीत दर्ज की. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को बारिश से प्रभावित मुकाबले में तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने 2 ओवरों में महज 9 रन देकर 3 विकेट हासिल करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
जीत के बाद सैनी ने कहा, 'जीत से बहुत अच्छा लग रहा है. पिछले दो मुकाबलों में हमने एक करीबी मैच जीता था और एक हारा था, इसलिए आज हमारे लिए एक बेहतरीन प्रदर्शन करना जरूरी था. इस जीत का सबसे बड़ा कारण हमारी प्लानिंग और उसे सही तरह से लागू करना था. हमने अपनी योजनाओं पर भरोसा करते हुए उन्हें बखूबी अंजाम दिया.'
सैनी ने ओपनर यजस शर्मा (29 गेंदों में नाबाद 64 रन) की भी तारीफ की, जिन्होंने एक और मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी है. सैनी ने कहा, 'यजस बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. हम सभी घरेलू क्रिकेट और लोकल टूर्नामेंट में उनकी काबिलियत के बारे में जानते हैं. उन्हें इसका पूरा फायदा उठाते और अपना टैलेंट का प्रदर्शन करते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है.'
बारिश के कारण मैच को 10-10 ओवरों का कर दिया गया था, ऐसे में सैनी ने बताया कि टीम ने हालात के हिसाब से खुद को कैसे ढाला. उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि मैच छोटा होने वाला है, इसलिए हमने उसी हिसाब से प्लानिंग की. 10 ओवरों के मैच में विरोधी टीम हमेशा शुरू से ही अटैक करने की कोशिश करती है. हमारा ध्यान अपनी योजनाओं पर टिके रहने और उन्हें अच्छी तरह से लागू करने पर था, और इससे फायदा हुआ.'
Self-love level: Navdeep Saini! 🖐️💥
— FanCode (@FanCode) August 6, 2026
Catch all the DPL 2026 action LIVE on FanCode 📲#DelhiPremierLeague #DPL2026 #Cricket #Wickets #Delhi pic.twitter.com/lei96wsfsc
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 10 ओवरों में 2 विकेट खोकर 132 रन बनाए. इसके जवाब में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स 9.4 ओवरों में 93 रन पर सिमट गई. सीजन की तीसरी जीत के साथ आउटर दिल्ली वॉरियर्स प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि 3 में से 2 मैच गंवाने के बाद साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स सातवें स्थान पर खिसक गई.
नवदीप सैनी ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 28 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में T20I मैच के रूप में खेला था.
फॉर्मेट के अनुसार लास्ट मैच
• टी20 इंटरनेशनल (T20I): 28 जुलाई 2021, बनाम श्रीलंका (कोलंबो)
• वनडे (ODI): 23 जुलाई 2021, बनाम श्रीलंका (कोलंबो)
• टेस्ट (Test): 15-19 जनवरी 2021, बनाम ऑस्ट्रेलिया (ब्रिस्बेन / गाबा)
नवदीप सैनी का क्रिकेट करियर
नवदीप सैनी का अंतरराष्ट्रीय करियर मुख्य रूप से गेंदबाजी के लिए जाना जाता है. उन्होंने 2 टेस्ट, 8 वनडे और 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 23 विकेट लिए हैं, जिसमें टी20 क्रिकेट में उसका प्रदर्शन सबसे प्रभावी रहा है. टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 13 विकेट 18.08 की औसत और 7.16 की इकॉनमी से हासिल किए हैं. बल्लेबाजी में उसे ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन वनडे क्रिकेट में 107 रन बनाते हुए 53.50 की औसत दर्ज की. आईपीएल में भी उन्होंने 34 मैच खेले और 23 विकेट चटकाए. हालांकि उनके आंकड़े बहुत बड़े नहीं दिखते, फिर भी सीमित ओवरों के क्रिकेट में उसने उपयोगी ऑलराउंडर और गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई.
ये भी पढ़ें- टीम इंडिया के किस खिलाड़ी के पास है सबसे बड़ा सरकारी पद, कितनी मिलती है सैलरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं