विज्ञापन
This Article is From Jun 08, 2017

वेतन विवाद : अपने देश के क्रिकेट बोर्ड से डेविड वॉर्नर नाराज, कहा-हमें चैंपियंस ट्रॉफी पर ध्‍यान देने दीजिए..

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के उप-कप्तान डेविड वार्नर ने अपने बोर्ड क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) से कहा है कि वह खिलाड़ियों को इस समय चैंपियंस ट्रॉफी पर ध्यान देने दे.

वेतन विवाद : अपने देश के क्रिकेट बोर्ड से डेविड वॉर्नर नाराज, कहा-हमें चैंपियंस ट्रॉफी पर ध्‍यान देने दीजिए..
सीए की ओर से वेतन मामले में वीडियो जारी करने पर डेविड वॉर्नर ने नाराजगी जताई है (फाइल फोटो)
  • क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया ने कुछ दिन पहले जारी किया था एक वीडियो
  • इसमें खिलाड़ि‍यों से नए करार को मानने को कहा गया था
  • शनिवार को इंग्‍लैंड से महत्‍वपूर्ण मैच खेलना है ऑस्‍ट्रेलिया को
बर्मिंघम: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के उप-कप्तान डेविड वार्नर ने अपने बोर्ड क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) से कहा है कि वह खिलाड़ियों को इस समय चैंपियंस ट्रॉफी पर ध्यान देने दे और इससे पहले आय को लेकर चल रहे विवाद को दूर रखे. दरअसल सीए ने कुछ दिन पहले एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों की बोर्ड की आय में हिस्सेदारी की मांग को खत्म करने और नए करार को मानने की बात कही है.

ऑस्ट्रेलिया को शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ करो या मरो वाला मुकाबला खेलना है. शुरुआती दो मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद उसके लिए इस मैच में जीत सेमीफाइनल में जाने के लिए बेहद जरूरी है. अगर आस्ट्रेलिया इस मैच में हार जाती है या फिर यह मैच भी बारिश के कारण धुल जाता है तो ऑस्ट्रेलिया का चैंपियंस ट्रॉफी में सफर खत्म हो जाएगा. क्रिकइंफो ने वार्नर के हवाले से लिखा है, "अगर सीए हमारी मदद करना चाहता है तो उन्हें इस तरह के वीडियो जारी नहीं करने चाहिए. इस सप्ताह हमें एक महत्वपूर्ण मैच खेलना है और हमारा ध्यान इस समय उस पर है. करार टूर्नामेंट के खत्म होने तक इंतजार कर सकता है."

वार्नर ने कहा, "वीडियो जारी करने का समय बेहद गलत है. सीए क्या कर रहा है इस पर अभी मैं कुछ नहीं कहूंगा. जाहिर सी बात है उन्होंने अभी तक इस विवाद को सुलझाने की प्रक्रिया के बारे में नहीं सोचा है. हमने जमीनी स्तर के लिए 3 करोड़ डॉलर के लगभग दे दिए हैं. लेकिन हम यहां चैंपियंस ट्रॉफी जीतने आए हैं. अगर सीए भी यही चाहता है तो उसे वीडियो जारी नहीं करना चाहिए." ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बोर्ड की आय में हिस्सेदारी चाहते हैं लेकिन सीए इसके लिए तैयार नहीं है. इसे लेकर उसका तर्क है कि अगर वह आय में खिलाड़ियों को हिस्सेदारी देती है तो जमीनी स्तर पर क्रिकेट के विकास के लिए पैसा नहीं मिलेगा. सीए और खिलाड़ियों के बीच आस्ट्रेलिया क्रिकेटर्स एसोसिएशन (एसीए) ने मध्यस्थता करने की बात कही जिसे सीए ने नकार दिया जबकि खिलाड़ी पूरी तरह से एसीए के साथ हैं.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Champions Trophy, Cricket Australia, CA, Video, David Warner, Salary Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com