विज्ञापन

डेविड मिलर का छलका दर्द, प्लेइंग इलेवन बनी समस्या, बताया अपना काम

डेविड मिलर दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन में जगह न पाकर निराश हैं. उनका कहना है निश्चित तौर पर यह निराशाजनक है. हर खिलाड़ी हर मैच खेलना चाहता है.

डेविड मिलर का छलका दर्द, प्लेइंग इलेवन बनी समस्या, बताया अपना काम
David Miller

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में शुक्रवार (आठ मई) की शाम दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मुकाबला होने वाला है. डीसी क्या अपने प्लेइंग इलेवन में धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर (David Miller) को जगह देगी, यह एक बड़ा सवाल है. मिलर पिछले दो मैचों से प्लेइंग इलेवन से बाहर हैं. प्लेइंग इलेवन में सिर्फ चार विदेशी खिलाड़ी ही खेल सकते हैं. टीम में संतुलन के दृष्टिकोण से डीसी इन चार में मिलर को मौका नहीं दे पा रही है. डीसी ने टॉप ऑर्डर में पथुम निसांका को मौका दिया है. मध्यक्रम में ट्रिस्टन स्टब्स हैं, जबकि गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क और लुंगी एंगिडी को शामिल किया गया है. इस वजह से मिलर को बाहर बैठना पड़ रहा है. टी20 के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक मिलर के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर होना निराशाजनक है.

ईएसपीएनक्रिकइंफों की एक रिपोर्ट के मुताबिक मिलर ने कहा, 'निश्चित तौर पर यह निराशाजनक है. हर खिलाड़ी हर मैच खेलना चाहता है, लेकिन आईपीएल का स्ट्रक्चर ऐसा है कि सिर्फ चार विदेशी खिलाड़ी ही अंतिम एकादश में खेल सकते हैं. ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन बेहद अहम हो जाता है.' मिलर ने कहा, 'यह मेरा पहला आईपीएल नहीं है. वह टूर्नामेंट की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं. उनका काम अब टीम के खिलाड़ियों को सकारात्मक ऊर्जा देना और अपने मौके के लिए तैयार रहना है.'

मध्यक्रम के धाकड़ बल्लेबाज मिलर ने कहा, 'अब हमारे लिए हर मैच करो या मरो जैसा है. हमें क्वालीफाई करने के लिए चार में से चार मैच जीतने होंगे. हमने पूरी तरह खराब क्रिकेट नहीं खेली, लेकिन कुछ छोटे-छोटे फेज में टीम के तौर पर गलतियां की हैं, जिनका नुकसान उठाना पड़ा है.'

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर मिलर ने कहा, 'इस सीजन पिच का व्यवहार अलग रहा है. कभी हाई स्कोरिंग मुकाबले हुए तो कभी बल्लेबाजी मुश्किल रही. बल्लेबाजी इकाई ने लगातार विकेट गंवाकर खुद को दबाव में डाला है. अहम मौकों पर छोड़े गए कई कैच भी टीम पर भारी पड़े हैं.'

दिल्ली कैपिटल्स सीजन में फिलहाल मुश्किल में है. टीम ने 10 मैचों में छह हार झेली हैं और अंक तालिका में सातवें स्थान पर है. अब प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए टीम को अपने बाकी चारों मैच जीतने होंगे.

यह भी पढ़ें- धोनी बने झारखंड और बिहार के सबसे बड़े करदाता, आयकर विभाग ने दोनों राज्यों से बटोरे 20,000 करोड़

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com