Cricket Most Watched and Flop Movie: क्रिकेट और बॉलीवुड का रिश्ता हमेशा से खास रहा है. मैदान पर बनने वाली कहानियां जब बड़े पर्दे पर उतरती हैं तो दर्शक उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं, लेकिन हर क्रिकेट फिल्म की किस्मत एक जैसी नहीं होती. किसी की पारी बॉक्स ऑफिस पर शतक में बदल जाती है, तो कोई भारी भरकम बजट और स्टारकास्ट के बावजूद फ्लॉप साबित हो जाती है. ऐसा ही हुआ दो चर्चित क्रिकेट फिल्मों के साथ, जिनके बीच पांच साल का अंतर था. एक ने दर्शकों का दिल जीतकर ताबड़तोड़ कमाई की, जबकि दूसरी फिल्म उम्मीदों के पहाड़ तले दब गई.
जब धोनी की कहानी बनी सुपरहिट
साल 2016 में रिलीज हुई 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर आधारित थी. फिल्म ने सिर्फ क्रिकेट नहीं दिखाया, बल्कि एक छोटे शहर के लड़के के संघर्ष, सपनों और सफलता की प्रेरणादायक यात्रा को पर्दे पर उतारा. फिल्म में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया था. उनकी दमदार एक्टिंग को खूब सराहना मिली. कियारा आडवाणी और दिशा पाटनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आई थीं, जबकि निर्देशन की कमान नीरज पांडे ने संभाली थी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 104 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 184.68 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि ओवरसीज बाजार से 30.82 करोड़ रुपये जुटाए. इस तरह इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 215.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. फिल्म 2016 की सबसे बड़ी हिंदी हिट्स में शामिल रही और सुशांत सिंह राजपूत के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है.
स्टार्स से सजी टीम, फिर भी नहीं बच पाई '83'
साल 2021 में आई '83' से भी लोगों को बड़ी उम्मीदें थीं. यह फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम की 1983 विश्व कप जीत की ऐतिहासिक कहानी पर आधारित थी. फिल्म में रणवीर सिंह ने कपिल देव की भूमिका निभाई, जबकि दीपिका पादुकोण, हार्डी संधु, ताहिर राज भसीन, जीवा और पंकज त्रिपाठी जैसे कलाकार भी इसका हिस्सा थे.
निर्देशक कबीर खान ने फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाया था. 1983 विश्व कप के मैचों को दोबारा जीवंत करने, विदेशी लोकेशन पर शूटिंग, पूरी भारतीय टीम की कास्टिंग और वीएफएक्स पर जमकर खर्च किया गया. यही वजह रही कि फिल्म का बजट करीब 220 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
हालांकि इतनी मेहनत और बड़ी स्टारकास्ट भी बॉक्स ऑफिस पर इसे सफलता नहीं दिला सकी. फिल्म ने भारत में लगभग 129 करोड़ रुपये और विदेशों में 64 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 193 करोड़ रुपये रहा, जो इसके बजट से कम था. यही कारण रहा कि '83' को बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप माना गया.
एक ने दिल जीता, दूसरी आंकड़ों में उलझ गई
दिलचस्प बात यह है कि दोनों फिल्में भारतीय क्रिकेट के सबसे सुनहरे अध्यायों से जुड़ी थीं. एक तरफ धोनी के संघर्ष और सपनों ने दर्शकों को भावुक कर दिया, वहीं दूसरी ओर 1983 विश्व कप जीत जैसी ऐतिहासिक कहानी भी सिनेमाघरों में वैसा जादू नहीं चला सकी. नतीजा यह रहा कि 'एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी' ब्लॉकबस्टर बन गई, जबकि '83' बड़े बजट के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर अपनी पारी लंबी नहीं खेल सकी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं