क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल जल्द ही समाप्त होने वाला है. भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के बीच खेले जाने वाले वाले दो मैचों की सीरीज के आगाज में अब गिनती के महज तीन दिन शेष रह गए हैं. प्रतिष्ठित सीरीज का आगाज हो. उससे पहले पहले पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास (Chaminda Vaas) ने मौजूदा भारतीय कप्तान की जमकर सराहना की है. उनका मानना है कि पहले टेस्ट मुकाबले में शुभमन गिल (Shubman Gill) भारत के लिए सबसे अहम खिलाड़ी साबित होंगे.
रेवस्पोर्ट्ज के साथ हुई बातचीत के दौरान चामिंडा वास ने कहा, 'शुभमन गिल पहले टेस्ट मुकाबले के दौरान, खासकर गॉल में भारत के लिए सबसे अहम खिलाड़ी साबित होंगे. उनके पास धैर्य के साथ-साथ काफी अच्छी मानसिक मजबूती है. एक बार वह लय में आ जाते हैं तो उन्हें आउट करना बहुत मुश्किल हो जाता है. मैंने उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखा है. वह शानदार खिलाड़ी हैं. पिछले कुछ वर्षों में भारत से निकलने वाले खिलाड़ियों में वह सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं. शुभमन गिल लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.'
'प्रतिभा' का पावरहाउस हैं इंडिया
विराट कोहली, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के रेड बॉल क्रिकेट से जाने के बाद भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है. नई पीढ़ी के खिलाड़ियों पर टीम को अब आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है. मगर इन सबके बावजूद वास का मानना है कि दिग्गजों की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम इंडिया के पास प्रतिभा की कमी नहीं है.
52 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'भले ही विराट कोहली और रोहित शर्मा टीम के साथ अब नहीं हैं. मगर भारत आज भी प्रतिभा का पावरहाउस है. वहां कई शानदार युवा खिलाड़ी हैं, जो अच्छा प्रदर्शन करने और टीम में मौका पाने का इंतजार कर रहे हैं.'
बतौर कप्तान अच्छी शुरुआत करने में कामयाब रहे हैं गिल
शुभमन गिल बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में अच्छी शुरुआत करने में कामयाब रहे हैं. उन्होंने खबर लिखे जाने तक कप्तान के तौर पर कुल नौ टेस्ट मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 15 पारियों में 82.76 की औसत से 1,076 रन निकले हैं. जिसमें छह शतक और एक अर्धशतक शामिल है. उनका यह प्रदर्शन दिखाता है कि उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी को एक कदम आगे बढ़कर संभाला है.
यह भी पढ़ें- पप्पू यादव के बेटे सार्थक ने फिर किया धमाका, वैभव ने भी लूटी महफिल, स्ट्राइकर्स ने लायंस को 8 विकेट से हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं