विज्ञापन

पप्पू यादव के बेटे सार्थक ने फिर किया धमाका, वैभव ने भी लूटी महफिल, स्ट्राइकर्स ने लायंस को 8 विकेट से हराया

दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 का 23वां मुकाबला वेस्ट दिल्ली लायंस और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया. जहां स्ट्राइकर्स की टीम सार्थक और वैभव की अर्धशतकीय पारी के बदौलत जीत हासिल करने में कामयाब रही.

पप्पू यादव के बेटे सार्थक ने फिर किया धमाका, वैभव ने भी लूटी महफिल, स्ट्राइकर्स ने लायंस को 8 विकेट से हराया
सार्थक रंजन

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने मंगलवार (11 अगस्त 2026) को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026) के 23वें मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस को 8 विकेट से रौंदा. नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स 5 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, वेस्ट दिल्ली लायंस ने 6 में से 3 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले गंवाए. इनके अलावा, 1 मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा. यह टीम 7 प्वाइंट्स के साथ पांचवें पायदान पर है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 146 रन बनाए. अंकित कुमार ने कृष यादव के साथ पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 36 रन की साझेदारी की.

अंकित 10 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि लायंस ने 59 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे. यहां से सोमबीर श्योकंद ने मयंक गुसाईं के साथ छठे विकेट के लिए 46 गेंदों में 68 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. कृष 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सोमबीर ने 24 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 34 रन बनाए. इनके अलावा, मयंक गुसाईं ने 28 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 42 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी टीम से अजय यादव और मयंक डागर ने 2-2 विकेट निकाले. अर्जुन और विकास दीक्षित ने 1-1 विकेट चटकाया.

इसके जवाब में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 14.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. कप्तान सार्थक रंजन ने वैभव कांडपाल के साथ पहले विकेट के लिए 62 गेंदों में 106 रन की साझेदारी की. सार्थक 30 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सौरभ देशवाल टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुटा सके.

टीम को 113 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा. इसके बाद यश भाटिया ने वैभव कांडपाल के साथ 18 गेंदों में 37 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई. वैभव 43 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 64 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि यश भाटिया ने 21 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से मनन भारद्वाज और मयंक गुसाईं ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

यह भी पढ़ें- 10 चौके, 7 छक्के, पिता के नक्शेकदम पर रॉकी फ्लिंटॉफ, 161.84 की स्ट्राइक रेट से ठोका तूफानी शतक, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sarthak Ranjan, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com