पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट ओपनर कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने गुरुवार (19 नवंबर 2026) को अपना 34वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया. यह जन्मदिन ऐसे समय में आया है. जब उन्होंने 2018 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हिला देने वाले सैंडपेपरगेट विवाद पर चुप्पी तोड़ी है. बैनक्रॉफ्ट वही खिलाड़ी हैं. जिन्हें 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में पाया गया था. जिसके बाद उन्हें नौ महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था.
हाल ही में बैनक्रॉफ्ट ने ख्वाजा का किया है समर्थन
बैनक्रॉफ्ट ने हाल ही में अपने पूर्व साथी क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा के उस दावे का समर्थन किया है. जहां उन्होंने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में कहा है कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी. इसके पश्चात बैनक्रॉफ्ट ने द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में 4,000 शब्दों का एक लेख प्रकाशित किया. जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि सैंडपेपरगेट मामले की जांच के दौरान उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को पूरी और सही जानकारी नहीं दी थी.

Photo Credit: © Instagram
34वें जन्मदिन पर बैनक्रॉफ्ट ने पहना कुर्ता, माथे पर लगाया तिलक
बैनक्रॉफ्ट ने अपने 34वें जन्मदिन के मौके पर एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा की है. जहां वह कुर्ता पहने नजर आ रहे हैं. यही नहीं वह माथे पर तिलक लगाए भी देखे जा सकते हैं. खास तस्वीर को पोस्ट करते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज ने लिखा है, '34वां जन्मदिन ऐसा रहा जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगा. आपके समर्थन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद.'
खुलासों के बाद राहत महसूस कर रहे हैं बैनक्रॉफ्ट
जारी सप्ताह में हैरतअंगेज खुलासा करते हुए बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि इतने वर्षों तक अपने भीतर दबाकर रखी गई बातों को सार्वजनिक करने के बाद उन्हें काफी राहत महसूस हो रहा है. 'नाइन' के साथ हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'देखिए कल का दिन मेरे लिए बहुत बड़ा दिन था. वह बेहद भावुक दिन था. मैं लंबे समय से इन बातों का बोझ अपने साथ लेकर चल रहा था. मैं खुद को आजाद और खुश महसूस कर रहा हूं कि मैं यह सब कुछ बता पाया.'
यह भी पढ़ें- VIDEO: RR ने जिसे किया रिलीज, उसने दिया करारा जवाब, 37 गेंद में ठोक दी सेंचुरी, अकेले दम पर जिताया मैच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं